Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के थाना माना क्षेत्र में ड्यूटी पर जा रहे सीआईएसएफ जवान से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस लूटकांड को गंभीरता से लेते हुए रायपुर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया और घटना में प्रयुक्त वाहन व हथियार भी बरामद किए।
घटना का विवरण
29 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे शारदा विहार कॉलोनी निवासी और सीआईएसएफ में आरक्षक के पद पर तैनात जी. शांता स्कूटी (सीजी 04 एमसी 7059) से ड्यूटी जा रहे थे। तभी व्हीआईपी रेस्टोरेंट के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उनके वाहन को रोक लिया। तीनों ने अपने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था और चाकू दिखाकर जवान को धमकाया। विरोध करने पर आरोपियों ने जवान को धक्का देकर गिरा दिया और उनकी स्कूटी लूटकर फरार हो गए। जवान की रिपोर्ट पर थाना माना में अपराध क्रमांक 287/25 धारा 309(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
लूट की घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, एएसपी क्राइम संदीप मित्तल, सीएसपी माना लम्बोदर पटेल, डीएसपी क्राइम संजय सिंह तथा थाना प्रभारी माना को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना माना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आस-पास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही मुखबिरों को सक्रिय कर आरोपियों की जानकारी जुटाई गई।
आरोपी पकड़े गए
पुलिस की मेहनत रंग लाई और मुखबिर की सूचना पर माना निवासी विशाल तांडी को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों गुलशन कुमार मन्नाडे और यू. गोविन्द के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उनके कब्जे से लूटी गई स्कूटी, घटना में प्रयुक्त एक अन्य बाइक और चाकू जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
यू. गोविन्द, पिता यू. पोलाईय्या, उम्र 25 वर्ष, निवासी टीटीसी कॉलोनी, वार्ड नं. 14, थाना माना।
गुलशन कुमार मन्नाडे, पिता सागर चंद मन्नाडे, उम्र 25 वर्ष, निवासी टीटीसी कॉलोनी, वार्ड नं. 14, थाना माना।
विशाल तांडी, पिता राजू तांडी, उम्र 24 वर्ष, निवासी माना कैम्प, 18 ब्लॉक, वार्ड क्रमांक 15, थाना माना।
पुलिस टीम की भूमिका
गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार तिवारी, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट प्रभारी निरीक्षक परेश पाण्डेय, प्र.आर. वीरेंद्र भार्गव, जसवंत सोनी, आरक्षक लक्ष्मी नारायण साहू, अनिल राजपूत, अजय चौधरी, अविनाश देवांगन तथा थाना माना से सउनि विजय कुमार नेताम, आरक्षक रामकृष्ण सिन्हा और देवा नेताम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने कहा कि शहर में लूट जैसी घटनाओं को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।