Raipur Breaking: ओसियन ग्रो गांजा तस्करी मामले में दूसरा आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-04-14 17:57 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में ओसियन ग्रो गांजा के अवैध कारोबार से जुड़े मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जिसमें दिल्ली से रायपुर तक सप्लाई चैन संचालित होने की जानकारी सामने आई है। गिरफ्तार आरोपी का नाम मोहित पाल (29 वर्ष) है, जो शाहदरा, दिल्ली का निवासी है और वर्तमान में रायपुर के मोवा स्थित अशोका हाईट्स में रह रहा था। उसे 13 अप्रैल 2026 को शाम 7:30 बजे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, 11 अप्रैल 2026 की रात जोगी बंगला क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर सिविल लाइन पुलिस ने पहले आरोपी रितिक पसरिचा को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 2.870 किलोग्राम गांजा, 114 ग्राम ओसियन ग्रो गांजा, 52 प्लास्टिक जिपर पन्नी, 2 इलेक्ट्रॉनिक तराजू, 3000 रुपये नगद और मोबाइल फोन जब्त किए गए थे। पूछताछ के दौरान रितिक ने खुलासा किया कि वह मोहित पाल और एक अन्य आरोपी के साथ मिलकर दिल्ली से कुरियर के माध्यम से गांजा और ओसियन ग्रो गांजा मंगवाता था। इसके बाद रायपुर में इसे ऊंचे दामों पर बेचा जाता था।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी मोहित पाल और कुलदीप पाल भी इस नेटवर्क का हिस्सा थे और रायपुर आकर अवैध बिक्री में शामिल रहते थे। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और मोबाइल चैटिंग के आधार पर दोनों के बीच लेनदेन और संपर्क के साक्ष्य भी प्राप्त किए हैं। इसी आधार पर पुलिस ने मोहित पाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की और साक्ष्यों की पुष्टि होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के मोबाइल से ऑनलाइन लेनदेन और ड्रग सप्लाई से जुड़े कई महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं। पुलिस का कहना है कि इस पूरे मामले में अभी एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। साथ ही रायपुर में गांजा और ओसियन ग्रो गांजा खरीदने वाले ग्राहकों की भी पहचान की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, यह एक संगठित अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क है, जिसमें दिल्ली और रायपुर के बीच सक्रिय सप्लाई चेन काम कर रही थी। मामले की गहन जांच जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
Tags:    

Similar News