RAIPUR BREAKING: ज्वेलरी शॉप में डकैती से पहले पुलिस का धावा, 5 आरोपी गिरफ्तार
छग
Raipur रायपुर। राजधानी के कचना क्षेत्र में ज्वेलर्स शॉप को निशाना बनाकर कथित तौर पर डकैती की तैयारी कर रहे पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से धारदार हथियार, चार मोबाइल फोन और दो वाहन बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी कचना क्षेत्र के आसपास स्थित किसी ज्वेलर्स शॉप में डकैती की योजना बना रहे थे। पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि खम्हारडीह थाना क्षेत्र के एक खेल मैदान में कुछ युवक दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ मौजूद हैं। उनके पास धारदार हथियार हैं और वे कथित तौर पर लूट या डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त उत्तर क्षेत्र दीपमाला कश्यप ने तत्काल तस्दीक कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पुलिस को देखते ही भागने लगे आरोपी
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम मुखबिर द्वारा बताए गए खेल मैदान में पहुंची। पुलिस के अनुसार वहां कुछ लोग बैठे दिखाई दिए। टीम ने उनसे बातचीत करने की कोशिश की तो सभी भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर पांच लोगों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान महेश धीवर, नितिन उर्फ सोनू बैस, खेमलाल सेन, लक्ष्मण साहू और पियुष कुमार साहू के रूप में हुई।
चाकू कैंची और स्टील पाइप बरामद
पुलिस ने आरोपियों और उनके वाहनों की तलाशी ली। इस दौरान दो बटनदार धारदार चाकू, एक बड़ा स्टील का चाकू, दो कैंची और एक स्टील पाइप बरामद किया गया। इसके अलावा चार मोबाइल फोन, एक होंडा दोपहिया वाहन क्रमांक CG 04 QT 4258 और टाटा एस डीआई वाहन क्रमांक CG 04 JD 9030 भी जब्त किया गया है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कचना क्षेत्र के आसपास किसी ज्वेलर्स शॉप में डकैती करने की योजना बनाने की बात स्वीकार की। सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 348/26 के तहत बीएनएस की धारा 310(4) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लक्ष्मण साहू पूर्व में आबकारी एक्ट और मारपीट के मामलों में जेल जा चुका है। वहीं खेमलाल सेन भी मारपीट के एक मामले में जेल में रह चुका है।