Raipur Breaking: नाबालिग पर थर्माकोल कटर से किया जानलेवा हमला, FIR दर्ज

आरोपी गिरफ्तार

Update: 2026-06-01 10:46 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में एक युवक ने थर्माकोल कटर ब्लेड से नाबालिग के दाएं हाथ की बाजू पर गहरा वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को अलसुबह हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है और उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।

मामले की जानकारी देते हुए गुढ़ियारी थाना प्रभारी भेख लाल चंद्राकार ने बताया कि घायल नाबालिग युवक रोजाना जिस रास्ते से आना-जाना करता था, उसी इलाके में आरोपी रौनक यादव अपने साथियों के साथ अक्सर बैठकर अड्डेबाजी करता था। आरोपी की गतिविधियों को लेकर क्षेत्र के लोगों में पहले से भी नाराजगी थी। पुलिस के अनुसार, घटना बीती रात की है। नाबालिग युवक अपने कुछ दोस्तों के साथ दुर्गा चौक के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान आरोपी रौनक यादव वहां पहुंचा और बिना किसी वजह के गाली-गलौज शुरू कर दी। नाबालिग और उसके दोस्तों ने उसे ऐसा करने से मना किया, लेकिन आरोपी लगातार अभद्र व्यवहार करता रहा।

बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान आरोपी ने नाबालिग के कंधे पर हाथ रखकर खुद को “शहर का सबसे बड़ा डॉन” बताते हुए रौब जमाने की कोशिश की। नाबालिग ने आरोपी के इस व्यवहार का विरोध करते हुए अपने कंधे पर रखा उसका हाथ हटा दिया। इसी बात से आरोपी भड़क गया और उसने पहले नाबालिग के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान आरोपी ने अपने पास रखे थर्माकोल कटर ब्लेड को निकाला और नाबालिग पर हमला कर दिया। ब्लेड का वार युवक के दाएं हाथ की बाजू पर लगा, जिससे उसे गहरा घाव हो गया और काफी खून बहने लगा।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही गुढ़ियारी थाना पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलसुबह आरोपी रौनक यादव को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी भेख लाल चंद्राकार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। घायल नाबालिग की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी को जल्द न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा।
Tags:    

Similar News