Raipur Breaking: बंधवापारा इलाके में गांजा बेचने वाली महिला तस्कर गिरफ्तार
छग
Raipur. रायपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के अंतर्गत रायपुर पुलिस को एक और अहम सफलता मिली है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने गांजा की अवैध खरीदी-बिक्री में संलिप्त एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। महिला के कब्जे से 1.138 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 55 हजार रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा तथा पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के दिशा-निर्देश में की गई। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में रायपुर पुलिस के सभी राजपत्रित अधिकारियों, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना प्रभारियों को लगातार सूचना संकलन, मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
दिनांक 9 जनवरी 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र अंतर्गत बंधवापारा इलाके में एक महिला अपने पास गांजा रखकर उसकी बिक्री करने की फिराक में है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निर्देशों के परिपालन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। टीम ने मौके पर संदिग्ध महिला की पहचान कर उसे घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम हीना परवीन उर्फ छोटी पति वसीम खान, उम्र 24 वर्ष, निवासी मुस्लिम मोहल्ला बंधवापारा, थाना पुरानी बस्ती, जिला रायपुर बताया। पुलिस टीम द्वारा महिला के पास मौजूद थैले की तलाशी ली गई।
जिसमें अवैध मादक पदार्थ गांजा पाया गया। मौके पर ही गांजा को जब्त कर महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद गांजा का वजन 1.138 किलोग्राम है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 55 हजार रुपये आंकी गई है। इस संबंध में थाना पुरानी बस्ती में आरोपी महिला के विरुद्ध अपराध क्रमांक 17/2026 धारा 20(बी) नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी महिला गांजा कहां से लाती थी और इसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ “ऑपरेशन निश्चय” अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, खरीदी-बिक्री और सेवन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि उन्हें नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।