Raipur. रायपुर। रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के विधानसभा थाना इलाके में बलवा, गाली-गलौज और चाकू से हमला करने के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 विधि के साथ संघर्षरत बालकों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। कुल 5 लोगों के विरुद्ध पुलिस ने कार्रवाई की है। मामले में पुलिस ने एक धारदार चाकू भी जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रूस्तम दास मानिकपुरी ने थाना विधानसभा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 18 मई 2026 की रात करीब 9:30 बजे वह अपने घर में मौजूद था। इसी दौरान धनेश्वर उर्फ मोनू टंडन उसके घर पहुंचा और वहां से सभी लोग झंडा चौक आमासिवनी की ओर गए, जहां पहले से ही टीकम घाघरे और सुकृत खाण्डे बैठे हुए थे। सभी ने वहां शराब का सेवन किया। इसके बाद सभी लोग दोपहिया वाहन से सुकृत खाण्डे को उसके आमासिवनी स्थित आवास छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब 11 बजे जब वे संतोषी मंदिर आमासिवनी के पास पहुंचे, तभी राकेश गुप्ता उर्फ पानी और उसके साथियों ने रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि आरोपियों ने प्रार्थी और उसके साथियों के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान राकेश गुप्ता और उसके साथियों ने अपने पास रखे चाकू से हमला कर दिया, जिससे प्रार्थी पक्ष के लोगों को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना विधानसभा पुलिस ने मामला दर्ज किया। अपराध क्रमांक 103/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं 103(1), 190, 191(2), 191(3), 126(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी और संभावित ठिकानों की लगातार जांच की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी राकेश गुप्ता उर्फ पानी, देवदास बंजारे उर्फ हड्डी और विनोद साहू उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही दो विधि के साथ संघर्षरत बालकों को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया। पुलिस पूछताछ में सभी आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी राकेश गुप्ता के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया। अन्य आरोपियों से भी संबंधित मोबाइल और सामग्री जब्त की गई है।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं दोनों बालकों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में शामिल अन्य संभावित लोगों की भी जांच की जा रही है। यदि किसी अन्य की संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।