डीएमएफ से सजेगी रायगढ़ की सड़कें, दूरस्थ अंचलों में विकास की नई इबारत
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ शासन की जनहितैषी, संवेदनशील और दूरदर्शी सोच के अनुरूप मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश के दूरस्थ, दुर्गम एवं उत्खनन प्रभावित अंचलों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का संकल्प अब धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। इसी क्रम में रायगढ़ जिले में जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) मद से ग्रामीण सड़कों के निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर शासन ने जिले में एक नई “संपर्क क्रांति” का सूत्रपात किया है, जो ग्रामीण जीवन की तस्वीर बदलने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। जिला प्रशासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत डीएमएफ निधि से रायगढ़ जिले के सुदूर वनांचल और मैदानी क्षेत्रों में कुल सात ग्रामीण सड़कों के निर्माण के लिए 15 करोड़ रुपए से अधिक की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। ये सड़कें लैलूंगा, घरघोड़ा, धरमजयगढ़, तमनार और खरसिया विकासखंडों में निर्मित की जाएंगी।
स्वीकृत सड़कों की कुल लंबाई लगभग 23.10 किलोमीटर है। यह पहल केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण अंचलों में सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक बदलाव की मजबूत नींव रखने का कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की दूरदर्शी नीति का ही परिणाम है कि उत्खनन से प्रभावित क्षेत्रों में डीएमएफ जैसी योजनाओं के माध्यम से आधारभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। वर्षों से खराब या कच्ची सड़कों के कारण आवागमन की समस्या झेल रहे गांव अब विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ सकेंगे। सड़कें अब केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि ग्रामीणों के लिए अवसर, प्रगति और आशा का मार्ग बनकर उभर रही हैं।
स्वीकृत योजनाओं के अनुसार लैलूंगा विकासखंड में गहनाझरिया (सुकवासुपारा) से लभनीपारा तक 3.60 किलोमीटर लंबी सड़क का अर्थवर्क कार्य प्रगतिरत है। घरघोड़ा विकासखंड में तुमीडीह से छर्राटांगर तक 4.30 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए साफ-सफाई एवं सेटिंग आउट का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। धरमजयगढ़ विकासखंड में ससकोबा मेन रोड से पाराघाटी तक तथा सेमीपाली से क्रोन्धा तक 4-4 किलोमीटर लंबी सड़कों पर जीएसबी, सीसी सहित अन्य निर्माण कार्य तेजी से जारी हैं। इसी प्रकार तमनार विकासखंड में अमलीढोढ़ा पीएमजीएसवाय रोड से समकेरा-गौरबहरी तक 3.60 किलोमीटर तथा पतरापाली से बरकसपाली तक 1.60 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है। वहीं खरसिया विकासखंड में खड़गांव से गोरपार बस्ती तक 2 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण को भी स्वीकृति दी गई है, जिससे क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
इन सड़कों के पूर्ण होने से न केवल संबंधित गांवों, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। किसानों को अपनी कृषि उपज मंडियों तक पहुंचने में सुविधा होगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि संभव होगी। बच्चों के लिए स्कूल तक सुरक्षित और सुगम पहुंच सुनिश्चित होगी। गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी, वहीं आपातकालीन सेवाएं भी अधिक सुदृढ़ होंगी। बेहतर सड़क संपर्क से आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी, स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आजीविका के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आएगा। निश्चित रूप से डीएमएफ मद से हो रहा यह सड़क निर्माण मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की विकासोन्मुख, संवेदनशील और समावेशी शासन व्यवस्था का सशक्त उदाहरण है, जो रायगढ़ जिले में “संपर्क क्रांति पर्व” के रूप में एक नई विकास गाथा लिख रहा है।