देश से माफी मांगे राहुल गांधी: सांसद बृजमोहन अग्रवाल

छग

Update: 2025-08-17 15:16 GMT
Raipur. रायपुर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद राहुल गांधी को नोटिस जारी करते हुए 7 दिन के भीतर हलफनामा देने अथवा देश से माफी मांगने का निर्देश दिया गया है। इस घटनाक्रम पर रायपुर के सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। अग्रवाल ने कहा कि राहुल गांधी बिना किसी तथ्यात्मक आधार के जबरदस्ती मुद्दों को उछालते हैं और चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर अनर्गल आरोप लगाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी को वास्तव में लगता है कि चुनाव आयोग किसी भी प्रकार की गड़बड़ी कर रहा है तो उन्हें प्रमाण प्रस्तुत करने चाहिए और हलफनामा दाखिल करने में देर नहीं करनी चाहिए।


लेकिन यदि उनके पास कोई ठोस सबूत नहीं है, तो यह साफ है कि वे केवल राजनीतिक लाभ के लिए भ्रम फैला रहे हैं। ऐसे में उन्हें अपने झूठे और भ्रामक आरोपों के लिए देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। सांसद अग्रवाल ने कहा कि चुनाव आयोग देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे बड़ी और निष्पक्ष संस्था है, जिस पर सवाल उठाना सीधे-सीधे लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि बार-बार बिना सबूत के चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर आरोप लगाना, देश की जनता और लोकतांत्रिक संस्थाओं का अपमान है।


उन्होंने आगे कहा कि भाजपा का स्पष्ट मानना है कि भारत का चुनाव आयोग अपनी पारदर्शी और निष्पक्ष कार्यप्रणाली के लिए पूरी दुनिया में सराहा जाता है। लेकिन राहुल गांधी जैसे नेताओं द्वारा लगातार इस पर सवाल उठाना उनकी हताशा और निराशा को दर्शाता है। बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव में बार-बार हार का सामना करने के बाद राहुल गांधी और उनकी पार्टी मुद्दों से भटककर केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता ऐसे झूठे आरोपों से गुमराह नहीं होगी और सच्चाई हमेशा सामने आएगी। चुनाव आयोग द्वारा जारी नोटिस और बृजमोहन अग्रवाल की प्रतिक्रिया ने राजनीतिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है। अब सभी की निगाहें राहुल गांधी की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं कि वे हलफनामा पेश करेंगे या देश से माफी मांगेंगे।
Tags:    

Similar News