Bemetara. बेमेतरा। जिले के साजा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भरदालोधी स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला की व्यवस्थाओं को लेकर शिकायतें सामने आई हैं। स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों ने मध्यान्ह भोजन और मूलभूत सुविधाओं को लेकर नाराजगी जताई है। बच्चों का आरोप है कि उन्हें तय मेनू के अनुसार भोजन नहीं मिल रहा है और पिछले कई महीनों से बार-बार आलू और भिंडी की सब्जी ही परोसी जा रही है। इस स्कूल में प्राथमिक और माध्यमिक स्तर के करीब 89 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। बच्चों का कहना है कि भोजन में बदलाव नहीं होने के कारण कई छात्र स्कूल का खाना खाने से बचते हैं और घर से टिफिन लेकर आते हैं। विद्यार्थियों के अनुसार, मध्यान्ह भोजन योजना के तहत अलग-अलग दिनों में अलग-अलग प्रकार का भोजन मिलना चाहिए, लेकिन लंबे समय से एक जैसी सब्जी मिलने की शिकायत है। मंगलवार को भी बच्चों को चावल, दाल और भिंडी की सब्जी परोसी गई। छात्र विनय साहू ने बताया कि बार-बार आलू और भिंडी की सब्जी मिलने से वह और कई अन्य बच्चे स्कूल में खाना नहीं खाते।
उनका कहना है कि यदि तय मेनू के अनुसार भोजन मिले तो बच्चे इसे पसंद से खाएंगे। स्कूल की शौचालय व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। विद्यार्थियों ने बताया कि पहली से आठवीं तक के करीब 89 बच्चों के लिए स्कूल में केवल एक शौचालय उपलब्ध है। इसके अलावा वहां पर्याप्त पानी की व्यवस्था नहीं होने और साफ-सफाई की कमी की शिकायत भी सामने आई है। निरीक्षण के दौरान शौचालय और बाथरूम के आसपास पानी जमा होने की स्थिति भी सामने आने की बात कही गई है। बच्चों का कहना है कि इन समस्याओं के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मध्यान्ह भोजन बनाने वाले किचन की स्थिति भी खराब बताई जा रही है। रसोइया चित्रलेखा साहू ने बताया कि बारिश के मौसम में किचन के अंदर पानी भर जाता है। कई बार पानी चूल्हे तक पहुंच जाता है, जिसके कारण खाना बनाने में काफी परेशानी होती है। उन्होंने बताया कि बारिश के दौरान लकड़ी, चूल्हा और अन्य सामान भी गीला हो जाता है। पानी निकालने के बाद ही भोजन तैयार किया जा सकता है। इससे समय पर भोजन बनाने में दिक्कत आती है। वहीं पालक सुनीता ठाकुर ने भी स्कूल की व्यवस्थाओं पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छा और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलना जरूरी है, तभी वे स्कूल का खाना खाएंगे। उन्होंने शिक्षकों की कमी का भी आरोप लगाया है। पालक ने बताया कि उनके बच्चे वासु ठाकुर और दिनेश ठाकुर इसी स्कूल में पढ़ते हैं। उनका कहना है कि स्कूल में पर्याप्त शिक्षक नहीं होने से पढ़ाई प्रभावित हो सकती है।
इस मामले में स्कूल के प्रधानपाठक हीरालाल वर्मा ने बताया कि मध्यान्ह भोजन में लगातार एक ही प्रकार की सब्जी नहीं बनाने के लिए भोजन तैयार करने वाले समूह को पहले ही निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि स्कूल की अन्य समस्याओं को लेकर खंड शिक्षा अधिकारी को लिखित जानकारी भी दी गई है। प्रधानपाठक ने बताया कि शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समस्या से विभाग को अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक आवश्यक सुधार नहीं हो पाया है। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी डीजी पात्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने की बात कही है। उन्होंने कहा कि स्कूल में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था की जांच कराई जाएगी। इसके अलावा शौचालय, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की भी जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Tags: