सूरजपुर में पंप चोरी गिरोह का पर्दाफाश, खरीददारों समेत 7 आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-06-09 10:18 GMT
Surajpur. सूरजपुर। सूरजपुर जिले में पंप चोरी की लगातार हो रही घटनाओं के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। जयनगर थाना क्षेत्र की लटोरी चौकी पुलिस ने चोरी के पंप खरीदने वाले लोगों सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में सबमर्सिबल और मोनोब्लॉक पंप समेत चोरी का अन्य सामान भी बरामद किया गया है। घटना Surajpur के अंतर्गत सामने आई है। पुलिस के अनुसार 6 जून को पहले ही पंप चोरी करने वाले गिरोह के दो आरोपी कृष्णा पंडो और इंदर पंडो सहित एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा गया था, जिनके कब्जे से चोरी के पंप बरामद किए गए थे। इस मामले की जांच जारी थी, इसी दौरान 7 जून को तीन किसानों ने अपने खेतों से पंप चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई।

शिकायतकर्ताओं में अनुज राजवाड़े (द्वारिकानगर), संतोष ठाकुर (लटोरी) और पितांबर राजवाड़े (मंजीरा) शामिल हैं, जिन्होंने बताया कि उनके खेत और बाड़ी से सबमर्सिबल और मोनोब्लॉक पंप चोरी हो गए हैं। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर सूचना और जांच के आधार पर कार्रवाई तेज कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने तिलेश्वर प्रसाद राजवाड़े (39), इंद्रपाल पैकरा (32), लालमोहन चेरवा (25), बिवेश्वर चेरवा उर्फ दारू (23), टेमसाय उर्फ जदु (23), गणेश राजवाड़े (35) और पारस पैकरा (31) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी मंजीरा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोनोब्लॉक पंप, गंगा कावेरी कंपनी का एक सबमर्सिबल पंप, सीआरआई कंपनी का एक सबमर्सिबल पंप तथा अन्य मोनोब्लॉक पंप जब्त किए हैं। बरामद सामान की कीमत हजारों रुपये आंकी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चोरी के इस नेटवर्क में केवल चोर ही नहीं बल्कि खरीदार भी शामिल थे, जो चोरी के सामान को सस्ते दामों में खरीदते थे। इसी आधार पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में लगातार पंप चोरी की घटनाएं हो रही थीं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश था। कई गांवों के लोगों ने एकजुट होकर लटोरी पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन भी किया था और कुछ आरोपियों को पकड़कर पुलिस को सौंपा था। स्थानीय स्तर पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल भी उठे थे, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए व्यापक जांच अभियान चलाया। अब इस कार्रवाई के बाद पुलिस का दावा है कि गिरोह के अधिकांश सदस्य गिरफ्तार हो चुके हैं और नेटवर्क को तोड़ दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त करने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी।
Tags:    

Similar News