ऑपरेशन बाज के जरिए पेशेवर चोर गिरोह गिरफ्तार, 30 लाख से ज्यादा का माल बरामद
छग
Mungeli. मुंगेली। जिले की पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। “ऑपरेशन बाज” के तहत एक पेशेवर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने 20 लाख रुपये से अधिक की नगदी और लाखों के जेवरात जब्त किए हैं। गिरोह ने मुंगेली शहर के पॉश कॉलोनियों में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरियां की थीं और फिर हवाई जहाज से दिल्ली फरार होकर ऐश की जिंदगी जी रहे थे। इस बड़ी कार्रवाई में हाल ही में उद्घाटित मॉडर्न कंट्रोल रूम की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। कंट्रोल रूम से मिले तकनीकी सुरागों की मदद से पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ठोस रणनीति के तहत दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया। इस पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने किया, वहीं बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला के दिशा-निर्देशों के तहत टीम ने कार्य किया।
चोरों से जब्त किए गए सामानों की कुल कीमत 30 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है, जिसमें नगदी, सोने-चांदी के जेवरात, इलेक्ट्रॉनिक सामान और कुछ महंगे ब्रांडेड घड़ियां भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, ये आरोपी अंतरराज्यीय चोर गिरोह का हिस्सा हैं, जो चोरी के बाद फर्जी नामों से हवाई टिकट बुक कर अन्य राज्यों में जाकर आराम की जिंदगी जीते थे, ताकि उन पर किसी को शक न हो। लेकिन स्मार्ट पुलिसिंग और तकनीकी निगरानी ने उनकी इस चालबाज़ी को नाकाम कर दिया। इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा, "हमारी टीम ने बारीकी से काम करते हुए गिरोह के मूवमेंट को ट्रैक किया और उन्हें धर-दबोचा।" उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि वे घर बंद कर कहीं जा रहे हैं तो स्थानीय पुलिस को सूचित करें, जिससे समय रहते निगरानी की जा सके।