रायपुर में बड़े पुलिस सम्मेलन की तैयारी, सुरक्षा-समन्वय पर मंथन

छग

Update: 2025-11-25 16:08 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में होने जा रहे पुलिस महानिदेशक/पुलिस महानिरीक्षक सम्मेलन 2025 की तैयारियों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, वीवीआईपी मूवमेंट और प्रशासनिक समन्वय को मजबूत बनाने के लिए आज महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। आगामी बड़े आयोजन को देखते हुए राज्य पुलिस प्रशासन ने हर स्तर पर सुरक्षा को चाक-चौबंद रखने की दिशा में विशेष पहल शुरू कर दी है। 25 नवंबर 2025 को सी-4 सिविल लाइन रायपुर में हुई इस उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (गुप्तवार्ता) अमित कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) दीपांशु काबरा ने संयुक्त रूप से की। बैठक में सम्मेलन के दौरान आने वाले वीवीआईपी, व्हीआईपी, वरिष्ठ अधिकारियों और विभिन्न राज्यों से पहुंचने वाले पुलिस प्रमुखों की सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में व्यवस्था में लगे समस्त पुलिस अधिकारियों और विभागीय समन्वयक अधिकारियों को उपस्थित रहकर निर्देश दिए गए कि सम्मेलन के दौरान किसी भी प्रकार की चूक न हो। सुरक्षा व्यवस्था को तीन स्तरों पर मजबूत करने, एंट्री-एक्जिट प्वाइंट की सतर्क निगरानी, यातायात नियंत्रण, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल की तैनाती तथा इवेंट स्थल के आसपास विशेष गश्त पर जोर दिया गया। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अमित कुमार ने अधिकारियों से कहा कि सम्मेलन में देशभर के शीर्ष पुलिस अधिकारी शामिल होंगे, इसलिए सुरक्षा, प्रोटोकॉल और मूवमेंट प्लानिंग में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को समन्वय बनाए रखते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और आपात स्थितियों में फौरन प्रतिक्रिया देने के निर्देश दिए।
एडीजी दीपांशु काबरा ने सम्मेलन के दौरान आतिथ्य, संवाद और व्यवहार में उच्च स्तर की शालीनता बरतने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान रायपुर की छवि राज्य की पुलिस की पेशेवर क्षमता और संवेदनशीलता दोनों को प्रदर्शित करेगी। इसलिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर तालमेल, सहयोग और समन्वय के साथ काम करना होगा। बैठक के दौरान उपस्थित अधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से उनके सुझाव भी मांगे गए। अधिकारियों ने यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा जांच प्रक्रिया,
रूट प्लानिंग
और तकनीकी मॉनिटरिंग सिस्टम को और अधिक प्रभावी बनाने संबंधी सुझाव दिए। वरिष्ठ अधिकारियों ने इन सुझावों को गंभीरता से लिया और सभी निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करने की बात कही। पुलिस विभाग ने बताया कि सम्मेलन से पहले विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूत करने के लिए कई चरणों की बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही, हाई-टेक निगरानी प्रणालियों, ड्रोन सर्विलांस और इंटेलिजेंस ग्रिड को भी सक्रिय कर दिया गया है। राजधानी रायपुर में आयोजित होने वाला यह सम्मेलन साल 2025 में राज्य पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण आयोजन है, जिसके माध्यम से विभिन्न राज्यों की सुरक्षा चुनौतियों, रणनीतियों और तकनीकी पुलिसिंग पर महत्वपूर्ण चर्चा होने की संभावनाएँ हैं।
Tags:    

Similar News