बीजापुर। नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में आत्मसमर्पित माओवादियों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए चलाए जा रहे पुनर्वास एवं कौशल उन्नयन कार्यक्रम लगातार सकारात्मक परिणाम दे रहे हैं।
हथियार छोड़ने के बाद समाज और परिवार के बीच सम्मानजनक जीवन की नई शुरुआत करने वाले इन युवाओं को अब शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण और स्वरोजगार आधारित नई दिशा प्रदान की जा रही है।
इसी प्रक्रिया के तहत आज प्रतिभागियों को बीजापुर स्थित सेंट्रल लाइब्रेरी का विशेष भ्रमण कराया गया। यहां पुस्तक अध्ययन, ज्ञानवर्धक सामग्री, विश्व मानचित्र व अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़े विषयों की गहन जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने टेलीस्कोप के माध्यम से चांद, तारे और ग्रहों को प्रत्यक्ष रूप से देखकर विज्ञान की दुनिया को नजदीक से समझा।