Gariaband. गरियाबंद। आगामी होली पर्व को देखते हुए गरियाबंद पुलिस ने जिले भर में व्यापक सुरक्षा और शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के दिशा-निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई जिले के सभी थाना क्षेत्रों में संचालित की गई। फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव पैदा करना और हुड़दंगियों व असमाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देना बताया गया। पुलिस ने जिला मुख्यालय गरियाबंद के अलावा राजिम, फिंगेश्वर, छुरा, पाण्डुका, मैनपुर और देवभोग जैसे संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च कर मुख्य मार्गों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में निगरानी रखी।
इस दौरान हेल्प लाइन टीम को विशेष तैनाती दी गई। मोटर सायकल पर तैनात ये टीमें विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार बाइक चलाने, जबरन रंग लगाने और महिलाओं से दुर्व्यवहार करने वालों पर पैनी नजर रख रही हैं। थाना क्षेत्रों में पेट्रोलिंग टीम के साथ-साथ चौक-चौराहों पर फिक्स प्वाइंट ड्यूटी भी की गई, जिससे संभावित खतरे और अप्रिय घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिले के सभी थानों से चार पहिया वाहनों में पेट्रोलिंग की गई और संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि होली पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गरियाबंद पुलिस कप्तान ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे होली का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। उन्होंने कहा, “गरियाबंद पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। सुरक्षित रहें और खुशहाल होली मनाएं।” अतिरिक्त सुरक्षा के लिए पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 94791-91071 भी जारी किया है, जहां नागरिक किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत दे सकते हैं।
इस कार्रवाई के माध्यम से पुलिस ने न केवल असामाजिक तत्वों पर सख्त निगरानी स्थापित की, बल्कि आम नागरिकों को भी निर्भय होकर होली का पर्व मनाने का संदेश दिया। पुलिस बल ने सुनिश्चित किया कि शहर और ग्रामीण क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था पूरी तरह से बनी रहे। फ्लैग मार्च एवं पेट्रोलिंग अभियान के दौरान पुलिस कर्मियों ने नागरिकों से सहयोग और सतर्कता बनाए रखने की भी अपील की। सभी गतिविधियों में पुलिस अधीक्षक एवं वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख रही और अभियान की सफलता को लेकर प्रशासन संतुष्ट है। यह व्यापक सुरक्षा अभियान गरियाबंद जिले में होली पर्व की खुशियों के साथ सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।