Surajpur. सूरजपुर। ग्राम चैनपुर में भटकते हुए मिली लगभग 12 वर्षीय बालिका की पहचान के लिए जिला प्रशासन एवं बाल संरक्षण विभाग ने आमजन से सहयोग की अपील की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 अगस्त 2026 की रात्रि ग्राम चैनपुर, थाना झिलमिली, जिला सूरजपुर में एक लगभग 12 वर्षीय बालिका भटकते हुए मिली। पुलिस थाना झिलमिली द्वारा बालिका को संरक्षण में लेकर आवश्यक कार्यवाही की गई। इसके बाद 17 अगस्त 2026 को महिला आरक्षक, पुलिस थाना झिलमिली द्वारा बालिका को आवश्यक कार्यवाही हेतु बाल कल्याण समिति, के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बाल कल्याण समिति द्वारा बालिका का नाम गौरी रखा गया है। वर्तमान में बालिका अपने संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही है, जिसके कारण उसके परिजनों एवं निवास स्थान की पहचान नहीं हो सकी है। जिला बाल संरक्षण अधिकारी, जिला बाल संरक्षण इकाई, महिला एवं बाल विकास विभाग, सूरजपुर ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इस बालिका के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी हो तो वह बालिका को पहचानता हो, तो तत्काल महिला एवं बाल विकास विभाग, मोबाइल नंबर 7987721889 पर सूचना दें।