Durg दुर्ग। रक्षाबंधन के दिन हुई चाकूबाजी की घटना के बाद दुर्ग पुलिस ने अपराधियों और संदिग्ध बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सीएसपी आईपीएस हर्षित मेहर के नेतृत्व में पुलिस ने रातभर सर्च अभियान चलाकर अलग-अलग इलाकों में दबिश दी। इस दौरान पांच लोगों को पकड़ा गया, जिनमें तीन बालिग और दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से नौ धारदार चाकू और एक तलवार बरामद की गई है। पुलिस ने बरामद सभी हथियारों को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में अड्डेबाजी, चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
चाकूबाजी की घटना के बाद बढ़ाई गई निगरानी
रक्षाबंधन के दिन दुर्ग में हुई चाकूबाजी की घटना में एक व्यक्ति की मौत और दूसरे के गंभीर रूप से घायल होने के बाद पुलिस ने संदिग्ध बदमाशों पर निगरानी बढ़ा दी थी। इसी कड़ी में दुर्ग सब-डिवीजन स्तर पर विशेष टीम गठित की गई। टीम में एसीसीयू के साथ मोहननगर और कोतवाली थाने के पुलिसकर्मी शामिल किए गए। पुलिस ने चाकूबाजी और अन्य अपराधों में पहले शामिल रहे संदिग्धों की सूची तैयार की। इसके बाद उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड, पते, सीडीआर और सीसीटीवी फुटेज की जानकारी जुटाई गई।
तीन टीमों ने अलग-अलग जगहों पर दी दबिश
मुखबिरों से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद तीन अलग-अलग टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान जितेंद्र मरकाम (24), शैलेश देशमुख (22) और जय देशमुख (21) को गिरफ्तार किया गया। तीनों दुर्ग थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। इनके अलावा दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस के अनुसार, सभी के कब्जे से अलग-अलग धारदार हथियार मिले। कुल नौ चाकू और एक तलवार जब्त की गई है।
बाबा धाम से हथियार लाने की जांच
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हथियारों को लेकर अहम जानकारी सामने आई है। सीएसपी हर्षित मेहर के अनुसार, सावन के दौरान कुछ आरोपी कांवड़ यात्रा के लिए देवघर स्थित बाबा धाम गए थे। जांच में वहां से चाकू और अन्य धारदार हथियार लाए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या बड़ी संख्या में चाकू लाकर उन्हें दूसरे लोगों को बांटा गया था। हथियारों की खरीद, आपूर्ति और वितरण को लेकर पुलिस विस्तृत जांच कर रही है।
हथियारों की बिक्री पर भी पुलिस की नजर
जांच में पुलिस इस पहलू को भी खंगाल रही है कि कहीं बाहर से सस्ते दाम पर धारदार चाकू लाकर दुर्ग में महंगे दाम पर तो नहीं बेचे जा रहे थे। इसके अलावा ऑनलाइन माध्यम से चाकुओं की बिक्री पर भी निगरानी शुरू की गई है। पुलिस का कहना है कि पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर हथियारों की अवैध बिक्री या आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अपराध से पहले रोकथाम पर जोर
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हथियार लेकर घूमने वाले और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी। पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले बदमाशों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग और पेट्रोलिंग भी बढ़ाई जा रही है।
पुलिस का लक्ष्य किसी बड़ी वारदात के बाद कार्रवाई करने के बजाय अपराध होने से पहले ही हथियारबाजों और संदिग्ध तत्वों पर शिकंजा कसना है।
Tags: