रायपुर में दो जगहों पर पुलिस की छापेमारी, खुले में शराब पीते तीन युवक गिरफ्तार

छग

Update: 2025-11-01 16:01 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध रूप से सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ टिकरापारा थाना पुलिस ने एक बार फिर सख्ती दिखाई है। बीती रात और आज सुबह दो अलग-अलग जगहों पर पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को पकड़कर उनके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, टिकरापारा थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (सउनि) अपने हमराह पेट्रोलिंग स्टाफ के साथ 1 नवंबर की रात मोती नगर आम जगह पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान सूचना मिली कि कुछ लोग खुले में बैठकर अवैध रूप से शराब का सेवन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि कुछ लोग नाली के किनारे बैठकर शराब पी रहे थे। पुलिस को देखते ही कई लोग शराब के पौवे और पानी पाउच नाली में फेंककर भागने लगे। पुलिस टीम ने दो व्यक्तियों को मौके से पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम राम सिंह ठाकुर (23 वर्ष) निवासी चौरसिया कॉलोनी, मठपुरैना, और जी. रमना राव (26 वर्ष) निवासी गोमती विहार, महावीर नगर, थाना राजेंद्र नगर, रायपुर बताया। दोनों आरोपियों की ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई, जिसमें उनके द्वारा शराब सेवन की पुष्टि हुई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 36(च) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। बाद में मामले के जमानतीय होने और सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर उन्हें जमानत मुचलका पर रिहा किया गया।

इसी तरह, 31 अक्टूबर की रात पुलिस ने लालपुर रोड, कमल विहार क्षेत्र में भी पेट्रोलिंग के दौरान कार्रवाई की। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक आम जगह पर शराब पी रहे हैं। सहायक उप निरीक्षक अपने हमराह साजिद खान और मोह. शाबीर खान को साथ लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस पार्टी को देखते ही कई युवक भाग निकले, लेकिन एक युवक को मौके से पकड़ लिया गया। उसने पूछताछ में अपना नाम सचिन प्रधान (30 वर्ष) निवासी कचना हाउसिंग बोर्ड ब्लॉक नंबर 26/612, थाना खम्हारडीह, रायपुर बताया।
ब्रेथ एनालाइजर
जांच में उसके द्वारा शराब पीने की पुष्टि हुई।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भी धारा 36(च) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। उसे भी गवाहों की मौजूदगी में गिरफ्तार किया गया और बाद में जमानतदार पेश करने पर रिहा किया गया।

पुलिस का बयान
टिकरापारा थाना प्रभारी ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना कानूनन अपराध है। लगातार चल रही पेट्रोलिंग और कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाना है। आने वाले दिनों में इस तरह के खुले में शराब पीने वालों पर और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News