रायपुर में त्योहारी सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, 2 शराब तस्कर गिरफ्तार
छग
Raipur रायपुर: आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए रायपुर के नॉर्थ जोन में पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अवैध शराब बिक्री के दो मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा। वहीं, 8 बदमाशों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पांडे के नेतृत्व में तथा एसीपी उरला पूर्णिमा लामा और एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया।
पहली कार्रवाई थाना उरला पुलिस ने अछोली रोड, सन स्टील के पास स्थित चाय-नाश्ता होटल में की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने प्रकाश सोनी (35) को पकड़ा। उसके कब्जे से 32 पौवा देशी प्लेन मदिरा यानी 5.760 बल्क लीटर शराब, जिसकी कीमत करीब 2,560 रुपये है, और 200 रुपये बिक्री रकम बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
दूसरी कार्रवाई थाना खमतराई पुलिस ने उरकुरा के शक्ति पारा तालाब किनारे की। यहां पुलिस ने कमलेश यादव (21) को अवैध शराब के साथ पकड़ा। उसके पास से 36 पौवा देशी मदिरा यानी 6.48 लीटर शराब, जिसकी कीमत करीब 4,000 रुपये बताई गई है, बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इस तरह दोनों मामलों में कुल 68 पौवा यानी 12.24 लीटर शराब जब्त की गई। वहीं, त्योहारी सीजन में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नॉर्थ जोन के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 8 बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इनमें खम्हारडीह से 5, खमतराई, उरला और गुढ़ियारी से एक-एक व्यक्ति शामिल है।