Raipur. रायपुर। लगातार हो रही बारिश के कारण राजधानी रायपुर में बाढ़ और जलभराव की स्थिति को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहे हैं। प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और प्रशासनिक टीमों के साथ समन्वय बनाकर काम किया जा रहा है। रविवार को कलेक्टर रायपुर गौरव सिंह और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्सन गुड़िया ने अधिकारियों की टीम के साथ बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत रायपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया और राहत व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
चन्दनडीह के प्रभावित इलाकों का निरीक्षण
कलेक्टर और पुलिस उपायुक्त ने ग्राम चन्दनडीह के शीतलापारा, रेती खोली और श्रीलंका पारा सहित अन्य जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए बनाए गए अस्थायी आश्रय स्थलों का भी निरीक्षण किया। यहां भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जानकारी ली गई। राहत शिविरों में रहने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जलभराव वाले क्षेत्रों में फंसे लोगों की पहचान और स्थिति का सही आकलन करने के लिए ड्रोन कैमरे से निगरानी और सर्वे करने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासनिक और पुलिस टीमों को जल निकासी, राहत सामग्री के त्वरित वितरण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश दिए गए।
डीपरापारा सरोना राहत शिविर पहुंचे अधिकारी
इसके बाद अधिकारियों की टीम डीपरापारा, सरोना स्थित प्राथमिक शाला में संचालित राहत शिविर पहुंची। यहां मौजूद लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने शिविर में उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
महादेव घाट विसर्जन स्थल का निरीक्षण
बारिश और जलभराव की स्थिति के बीच आगामी गणेश विसर्जन व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों ने महादेव घाट का निरीक्षण किया। टीम ने महादेव घाट विसर्जन कुंड और महादेव घाट पुल की स्थिति देखी। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि गणेश विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए सुरक्षा इंतजामों को मजबूत रखने के लिए कहा गया।
नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील
रायपुर पुलिस और जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि नदी-नालों, उफनते पुल-पुलियों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें। जलमग्न मार्गों या पुलों को पार करने का जोखिम न उठाएं। प्रशासन ने लोगों से बच्चों को जलभराव वाले स्थानों पर जाने से रोकने और गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन केवल निर्धारित विसर्जन कुंड में करने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक डायल 112 पर सूचना दे सकते हैं। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने कहा है कि बाढ़ प्रभावित नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की टीमें पूरी तरह सक्रिय हैं। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य किए जा रहे हैं।
Tags: