छह महीने पुराने चोरी के मामले का पुलिस ने किया बड़ा खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2025-10-27 17:52 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। सरकंडा पुलिस ने छह महीने पुराने एक चोरी के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, कांसे के बर्तन और चोरी की स्कूटी सहित कुल ₹85,000 का मसरूका बरामद किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समन्वय और स्थानीय खुफिया टीम की सक्रियता से संभव हो सकी। पुलिस के अनुसार, यह मामला 24 मार्च 2025 को दर्ज किया गया था, जब प्रार्थी नवनीत द्विवेदी, निवासी एलआईजी–34, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, चिल्हाटी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उसके घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर, कांसे के बर्तन और अन्य घरेलू सामान चोरी कर लिए थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब ₹85,000 थी।
मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से ही पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल पा रहा था। इस बीच 27 अक्टूबर 2025 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लोधीपारा क्षेत्र में एक व्यक्ति चोरी का सामान बेचने के लिए संदिग्ध रूप से घूम रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल एवं सीएसपी (सिविल लाइन/सरकंडा) निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्या के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लोधीपारा क्षेत्र में घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दीपक वैष्णव पिता स्व. नर्मदेश्वर वैष्णव (24 वर्ष), निवासी ग्राम मोहरा, थाना सीपत बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण और कांसे के बर्तन बरामद किए गए।
आरोपी ने पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसने कुछ माह पहले हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, चिल्हाटी स्थित घर से चोरी की थी। इसके अलावा उसने अरविंद नगर, सरकंडा क्षेत्र से एक स्कूटी (CG 10 BV 2252) भी चोरी की थी। पुलिस ने आरोपी के मेमोरण्डम बयान के आधार पर चोरी गए सभी सामान बरामद कर लिए हैं। बरामद स्कूटी की जांच में यह पाया गया कि वह थाना सरकंडा के अपराध क्रमांक 1511/2025, धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्या ने बताया कि आरोपी चोरी की वारदातों में लिप्त एक आदतन अपराधी है, जो पूर्व में भी छोटे-मोटे चोरी के मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल तो नहीं रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने सरकंडा पुलिस टीम को सराहना देते हुए कहा कि दीपावली के बाद से शहर में बढ़ी चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने विशेष निगरानी अभियान शुरू किया है। इसके तहत शहर के बाजारों, आवासीय कॉलोनियों और मुख्य सड़कों पर गश्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि शहर के सभी थाना प्रभारियों को पुराने लंबित चोरी के मामलों को प्राथमिकता से सुलझाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, सोने-चांदी के विक्रेताओं और कबाड़ बाजारों की निगरानी भी की जा रही है ताकि चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त पर रोक लगाई जा सके। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने घरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Tags:    

Similar News