ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस को मिल रही बड़ी सफलता

Update: 2023-06-08 09:10 GMT

पलारी। छत्तीसगढ़ पुलिस घर से लापता हुई बालिकाओं को ढूंढने के लिए जनवरी 2023 से लगातार ऑपरेशन मुस्कान चला रही है। इस अभियान के पहले चरण में लापता हुई लड़कियों को राज्य के अंदर और बाहर से बरामद किया है। जबकि इस अभियान के तहत दो अलग-अलग चरण में अब तक लड़कियों को सुरक्षित उनके घर वापस पहुंचाया गया।

वहीं इस अभियान में पलारी थाना पूरे जिले में प्रथम आया है।बता दें कि, पलारी पुलिस की सतर्कता से ऑपरेशन मुस्कान के तहत 1 अप्रैल 2023 से लेकर 31 मई 2023 तक पिछले दो महीनों में 57 लड़कियों की सुरक्षित घर वापसी कराई गई है। इस ऑपरेशन के तहत पड़ोसी राज्यों आंध्र प्रदेश, गुजरात, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र के साथ ही दूर-दराज के राज्यों से लड़कियों को बरामद कर सुरक्षित उनके परिजनों को सौंपा गया।

इस आपरेशन मुस्कान में पूरे जिले में प्रथम स्थान आने पर बलौदाबाजार जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार झा ने भी पलारी थाना प्रभारी पुरषोत्तम कुर्रे की तारीफ की और उन्हें नगद पुरस्कार भी दिया।बलौदाबाजार पुलिस अधीक्षक ने कहा कि, बच्चों का गुम होना निश्चित ही एक राष्ट्रीय समस्या बन चुका है। किसी भी गुमशुदा बच्चों को तत्काल बरामद किया जाना इसलिए भी आवश्यक हो जाता है, क्योंकि गुम बालक-बालिका का विभिन्न प्रकार के अपराध जैसे भिक्षावृत्ति, बालश्रम, लैंगिक शोषण आदि के शिकार होने की प्रबल संभावनाएं बनी होती है। इसके साथ ही किसी इंसान के गुम होने से उनके परिवारजनों को भी कई प्रकार के आर्थिक, सामाजिक और मानसिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। किसी भी गुम इंसान को उनके परिवार से मिलाना एक परोपकारी कार्य के साथ-साथ उनके परिजनों की खोई खुशियां लौटाना भी है।


Tags:    

Similar News