Bilaspur. बिलासपुर। शहर में अवैध ऑनलाइन सट्टा गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकरभाठा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सट्टा संचालक को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। यह कार्रवाई आईपीएल क्रिकेट मैचों के दौरान चल रहे ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के खिलाफ की गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना चकरभाठा पुलिस टीम ने मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर नयापारा चौक के पास दबिश दी। इस दौरान एक व्यक्ति को मोबाइल फोन के जरिए आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाते हुए पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनेश पंजवानी (33 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 08 चकरभाठा के रूप में हुई है। वह अपनी एक्टिवा स्कूटी (क्रमांक MH 36 T 6207) पर बैठकर मोबाइल के माध्यम से सट्टा संचालन कर रहा था। जांच में सामने आया कि आरोपी “क्रोमा गेट आईडी” नामक एप के जरिए क्रिकेट मैचों पर सट्टा चला रहा था और लेन-देन डिजिटल माध्यम से कर रहा था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी अज्जू भकतानी से 20 हजार रुपये लेकर सट्टा नेटवर्क चला रहा था। साथ ही वह ग्राहकों से जुड़े लेन-देन को ऑनलाइन माध्यम से आगे भेजता था। पुलिस जांच में यह भी पता चला कि यह पूरा नेटवर्क संगठित तरीके से काम कर रहा था। जिसमें दो अन्य लोग भी शामिल थे।
जो फिलहाल फरार हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन और सट्टा संचालन में उपयोग की जा रही एक्टिवा स्कूटी को जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आईपीएल के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच चल रहे मैच पर सट्टा लगाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी दिनेश पंजवानी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, उसके साथी अज्जू भकतानी और एक अन्य आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ अधिनियम की धारा 7(1) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि शहर में चल रहे अवैध सट्टा और जुआ नेटवर्क पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।