अवैध शराब पर पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार, 69 पौवा देशी मदिरा जब्त

छग

Update: 2026-04-24 16:56 GMT
Durg. दुर्ग। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 69 नग देशी मदिरा पौवा और नगदी रकम जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। कोतवाली थाना प्रभारी नवीन कुमार राजपूत ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में अवैध शराब बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 21 अप्रैल को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि नयापारा रोड स्थित आरबीएस बस सर्विस डिपो के पास दो व्यक्ति अवैध रूप से देशी मदिरा बिक्री के लिए शराब लेकर जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। जांच के दौरान राहुल निषाद के कब्जे से 34 नग शोले मसाला देशी मदिरा और 200 रुपये नगद बरामद किए गए। वहीं दूसरे आरोपी प्रकाश निषाद के पास से 35 नग देशी मदिरा जब्त की गई। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी शराब को अवैध रूप से बेचने की तैयारी में थे। समय रहते कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में देशी शराब की अवैध बिक्री को रोका गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34 (2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाने के लिए क्षेत्र में लगातार निगरानी और सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की विशेष नजर बनी हुई है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय प्रशासन ने भी स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News