होली पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की सघन कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-03-04 17:18 GMT
Rajnandgaon. राजनांदगांव। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के उद्देश्य से जिले में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान में चौकी चिखली पुलिस और साइबर सेल ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी और अशांति फैलाने वाले कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गौरीनगर-अचानकनगर के पास दो व्यक्ति गांजा बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी इमरान अहमद सिद्धिकी (33 वर्ष) और मो. अदनान कुरैशी (28 वर्ष) को पकड़ लिया। अभियान में आरोपी के कब्जे से कुल 5.947 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी बाजार में अनुमानित कीमत 59,470 रुपए बताई गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया और उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


अशांति फैलाने वाले आरोपी गिरफ्तार
साथ ही, पुलिस ने क्षेत्र में शांति भंग करने और मोहल्ले में आने-जाने वाले लोगों को परेशान करने वाले दो आदतन बदमाशों तौफिक खान (27 वर्ष) और दिव्यांस भावे (23 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया। इनके खिलाफ धारा 170, 126, 135(3) BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया। होली जैसे उल्लासपूर्ण पर्व के मद्देनजर पुलिस ने पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रखी है। अभियान के दौरान पुलिस ने सभी संभावित नशा तस्करी और शांति भंग की गतिविधियों पर नजर रखी। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कहा कि जिले में सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि त्योहार के दौरान अवैध नशा बेचने वाले या शांति भंग करने वालों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इससे न केवल अपराधियों की समय पर गिरफ्तारी संभव होगी, बल्कि होली का पर्व सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जा सकेगा।
Tags:    

Similar News