स्टंटबाज युवकों पर पुलिस की कार्रवाई, सोशल मीडिया वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ी सख्ती

छग

Update: 2026-06-12 18:20 GMT
Raigarh. रायगढ़। शहर में सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए खतरनाक बाइक स्टंट करने वाले युवकों पर रायगढ़ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। मेडिकल कॉलेज के पीछे एकताल रोड क्षेत्र में स्टंटबाजी के वीडियो वायरल होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने पांच युवकों को पकड़कर समझाइश दी और उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज के पीछे एकताल रोड पर पाइपलाइन कार्य के लिए समतल की गई सड़कनुमा भूमि पर कुछ युवक तेज रफ्तार बाइक चलाकर जोखिम भरे स्टंट कर रहे थे। बताया गया कि कुछ बाइकर्स और कंटेंट क्रिएटर्स ऊंचाई वाले स्थान से तेजी से बाइक चलाते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा कर रहे थे। इन वीडियो के वायरल होने के बाद वहां बड़ी संख्या में युवकों का जमावड़ा लगने लगा था। पुलिस के मुताबिक लगातार बढ़ती भीड़ और खतरनाक स्टंट की वजह से किसी भी समय गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह और थाना प्रभारी चक्रधरनगर राकेश मिश्रा को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देशों के बाद पुलिस ने संबंधित स्थल पर अवरोधक लगाकर निगरानी बढ़ाई। क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग शुरू की गई और स्टंटबाजी रोकने के लिए विशेष व्यवस्था की गई। इसके बावजूद अगले दिन पांच युवक दोबारा उसी स्थान पर बाइक स्टंट करने पहुंच गए। पुलिस टीम ने उन्हें मौके पर पकड़ लिया और एसएसपी के समक्ष प्रस्तुत किया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने युवकों को समझाइश देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर अधिक व्यूज, लाइक या लोकप्रियता हासिल करने के लिए अपनी जान जोखिम में डालना उचित नहीं है। उन्होंने युवाओं से जिम्मेदारीपूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
उन्होंने अभिभावकों से भी अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने का आग्रह किया। एसएसपी ने कहा कि माता-पिता को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि बच्चे किसी भी प्रकार की खतरनाक गतिविधियों में शामिल न हों। डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई है। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए संबंधित मार्ग पर कंसर्टिना कॉयल लगाने और अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए जाने की तैयारी की जा रही है।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और आम लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और संभावित दुर्घटनाओं को रोकना है। पुलिस अधिकारियों ने युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया की लोकप्रियता के लिए अपनी और दूसरों की जान खतरे में न डालें तथा सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में योगदान दें।
Tags:    

Similar News