Raipur. रायपुर। राजधानी में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ पश्चिम जोन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुजगहन और डीडी नगर थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 246 पाव यानी 44.280 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 24 हजार 600 रुपए बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री की 150 रुपए नकदी भी बरामद की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कुल 8 अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। कार्रवाई पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन और संबंधित एसीपी के नेतृत्व में की गई। पुलिस के मुताबिक, 4 सितंबर को मुजगहन और डीडी नगर थाना क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री की सूचनाओं के आधार पर अलग-अलग पुलिस टीमों को कार्रवाई के लिए लगाया गया था। टीमों ने संदिग्ध स्थानों पर निगरानी रखने के बाद घेराबंदी कर आरोपियों को शराब के साथ पकड़ा।

मुजगहन में 6 आरोपी गिरफ्तार
मुजगहन थाना पुलिस ने ग्राम बोरियाकला, सलोनी और सिवनी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 180 पाव देशी मसाला शराब बरामद की गई। इसकी कुल मात्रा 32.400 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 18 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने राहुल मन्हारे (29), रूपेश नारंगे (25), चंद्रहास साहू (25), आनंद राम (54), पीतांबर मेहर (26) और हितेश वर्मा (21) को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ अपराध क्रमांक 241/2026 से 246/2026 तक छह अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

डीडी नगर में दो जगह पुलिस की दबिश
डीडी नगर पुलिस ने भी अवैध शराब के खिलाफ दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। महादेवघाट स्थित विसर्जन कुंड के पास पुलिस ने घेराबंदी कर निशाद जगत (48) को कथित रूप से अवैध शराब बेचते गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 32 पाव देशी मसाला शराब यानी 5.760 बल्क लीटर शराब बरामद की गई। इसकी अनुमानित कीमत 3 हजार 200 रुपए है। इसके अलावा 150 रुपए की बिक्री रकम भी जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 551/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। वहीं दूसरी कार्रवाई जोरापारा स्थित सुलभ शौचालय के पास की गई। यहां पुलिस ने काजल पाण्डेय (21) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उसके कब्जे से 34 पाव देशी मसाला शराब और कैन में रखी शराब सहित कुल 6.120 बल्क लीटर शराब बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत 3 हजार 400 रुपए बताई गई है। मामले में अपराध क्रमांक 550/2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई।

कुल 246 पाव शराब जब्त
दोनों थाना क्षेत्रों की कार्रवाई में कुल 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने 8 अलग-अलग प्रकरण दर्ज करते हुए कुल 246 पाव अवैध शराब जब्त की। इसकी कुल मात्रा 44.280 बल्क लीटर और कीमत लगभग 24 हजार 600 रुपए है। पश्चिम जोन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ऐसे कारोबार में शामिल लोगों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है। अवैध शराब एवं नशे के कारोबार में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Tags: