Raigarh. रायगढ़। जिले में महिलाओं और नाबालिगों से जुड़े अपराधों पर कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत अजाक पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में महिलाओं, युवतियों और नाबालिगों से संबंधित संवेदनशील मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में थाना अजाक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
प्लांट क्षेत्र में गार्ड की नौकरी के दौरान हुई थी पहचान
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को एक महिला ने महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी 16 वर्षीय बेटी पूंजीपथरा क्षेत्र में मजदूरी का काम करती थी और स्थानीय प्लांट के क्वार्टर में रहती थी। इसी दौरान जिस प्लांट कॉलोनी के क्वार्टर में परिवार पहले रहता था, वहां गार्ड के रूप में काम करने वाले करन जयपुरी से नाबालिग की पहचान हुई थी। दोनों की मुलाकात 7 मई 2026 को हुई थी। इसके बाद आरोपी ने नाबालिग का मोबाइल नंबर लिया और उससे मैसेज के जरिए बातचीत शुरू कर दी।
शादी का झांसा देकर बनाया शारीरिक संबंध
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने नाबालिग को पसंद करने और उससे शादी करने का झांसा दिया। इसके बाद वह लगातार उससे मिलने आने-जाने लगा। परिवार के पूंजीपथरा क्षेत्र में रहने के बाद भी आरोपी नाबालिग से संपर्क करता रहा। शिकायत के अनुसार, 9 जून 2026 की सुबह जब नाबालिग घर में अकेली थी, उसी दौरान आरोपी करन जयपुरी उसके घर पहुंचा। आरोप है कि आरोपी ने शादी करने की बात कहते हुए उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि इसके बाद आरोपी कई बार मौका पाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
एट्रोसिटी और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
महिला थाना रायगढ़ में आरोपी करन जयपुरी के खिलाफ अपराध क्रमांक 77/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में धारा 3(2)(va) एट्रोसिटी एक्ट, धारा 64(1), 87 भारतीय न्याय संहिता और 4, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। मामला एट्रोसिटी एक्ट से जुड़ा होने के कारण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने डीएसपी अजाक शिखर मरावी को कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके नेतृत्व में थाना प्रभारी अजाक निरीक्षक नारायण सिंह मरकाम ने पुलिस टीम के साथ तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की।
आरोपी गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी करन जयपुरी उम्र 32 वर्ष निवासी कुनकुरी जिला जशपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराधों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जा रही है। “अभियान संवेदना” के तहत ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।