सांकेतिक तस्वीर (AI)
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में सिविल लाइन थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आकाशवाणी काली मंदिर उत्कल बस्ती रोड किनारे चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से धारदार चाकू बरामद कर आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। यह कार्रवाई शनिवार 30 अगस्त को दोपहर लगभग ढाई बजे की गई। थाना प्रभारी से मिली जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना में पदस्थ उपनिरीक्षक को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक हाथ में स्टील का चाकू लेकर उत्कल बस्ती रोड किनारे आकाशवाणी काली मंदिर के पास लोगों को डराने-धमकाने का काम कर रहा है। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
आरोपी की पहचान विशाल तांडी (18 वर्ष), पिता घनश्याम तांडी, निवासी जगन्नाथ नगर, स्वामी शिव गली नंबर 1, थाना सिविल लाइन, रायपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार स्टील का चाकू मिला। चाकू की लंबाई 10.5 इंच है, जिसमें 6 इंच का फल और 4.5 इंच की मुठ शामिल है। फल पर अंग्रेजी में "PANCA" लिखा हुआ है और मुठ में प्लास्टिक जैसी सामग्री लगी हुई है। पुलिस ने मौके पर मौजूद गवाहों आरिफ कुरैशी (22 वर्ष, निवासी मठपुरैना, त्रिमूर्ति मंदिर, टिकरापारा) और संजय निषाद (31 वर्ष, निवासी तेलीबांधा गौरव पथ) को धारा 179 BNSS के तहत नोटिस देकर कार्रवाई में शामिल किया। आरोपी से चाकू रखने संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही पंचनामा तैयार कर चाकू को जप्त कर लिया।
पूरे मामले में आरोपी विशाल तांडी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। आरोपी को थाने लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सिविल लाइन थाना पुलिस का कहना है कि राजधानी में अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए लगातार गश्त और छापेमार कार्रवाई की जा रही है। आम जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के लिए ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई बेहद जरूरी है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना नजदीकी थाने या पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर दें। इससे अपराधों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।