Chhuikhadan. छुईखदान। जिले में नाबालिग बालिका के अपहरण और शारीरिक शोषण के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत की गई, जिसमें लंबे समय से फरार आरोपी को पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना छुईखदान में प्रार्थी द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को डोमार सिंह मेरावी नामक व्यक्ति बहला-फुसलाकर शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 121/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने अपहृत बालिका और आरोपी की तलाश तेज कर दी। लगातार प्रयास के बाद 7 अप्रैल 2026 को नाबालिग बालिका को बरामद कर सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी बालिका को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था और उसके साथ लगातार शारीरिक शोषण कर रहा था। इस आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 64(2)(ड), 65(1), 96 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत गंभीर धाराएं जोड़ी गईं।
पुलिस द्वारा आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। आखिरकार 21 अप्रैल 2026 को आरोपी डोमार सिंह मेरावी (उम्र 33 वर्ष), निवासी भेन्ड्रा थाना छुईखदान, जिला केसीजी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर उप जेल सलोनी भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और संवेदनशीलता सामने आई है। “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत बच्चों से जुड़े मामलों में लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है, जिससे इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।