Janjgir-Champa. जांजगीर-चांपा। रक्षाबंधन पर्व के दौरान रामबांधा तालाब के पास से चोरी हुई मोटरसाइकिल के मामले में चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 40 हजार रुपए कीमत की पैशन प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी चोरी की बाइक को बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम खिसोरा थाना बलौदा निवासी रविंद्र कुमार देवांगन 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर फरसवानी गए थे। वापस लौटते समय उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल रामबांधा तालाब के पास रात करीब 9 से 10 बजे खड़ी की थी। कुछ समय बाद जब वह वापस पहुंचे तो बाइक वहां से गायब थी। आसपास तलाश करने के बाद भी मोटरसाइकिल का पता नहीं चलने पर उन्होंने चांपा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने BNS की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों की जानकारी जुटाने के साथ ही संदिग्ध लोगों पर नजर रखी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति तहसील रोड के पास चोरी की मोटरसाइकिल बेचने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही चांपा पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान देवव्रत मन्नेवार (31 वर्ष), निवासी सुखरी खुर्द, थाना उरगा, जिला कोरबा के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से चोरी की गई पैशन प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 BS 9837 बरामद की गई। बरामद बाइक की कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की गई बाइक बरामद होने के साथ ही आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
Tags: