चंद पैसों के लिए लोगों की जान से खिलवाड़...!

Update: 2024-05-17 04:16 GMT

नगर निगम आयुक्त ने दिए होर्डिंग्स के स्ट्रक्चर की जांच के निर्देश 

नियम विरूद्ध घरों के छतों में भी अवैध होर्डिंग्स लगाए गए

अवैध प्लाटिंग और कब्जे पर जिस तरह बुलडोजर चल रहा है उसी तर्ज में होर्डिंग्स पर भी कार्रवाई हो

मुंबई-पुणे के बाद अब रायपुर में गिरने वाला है होर्डिंग का पहाड़, अनहोनी का इंतजार

मुंबई-पुणे से पहले रायपुर में हो चुका है इस तरह का हादसा

एड एजेंसियों को सूचित करने के बाद भी गुणवत्ता की जांच नहीं हुई

मिली भगत से लगे होर्डिंग्स की गुणवत्ता का कोई मापदंड नहीं है तो रिपोर्ट क्या खाक देंगे

निगम में होर्डिंग्स लगाने न तो कोई टेंडर निकला न किसी ने टेंडर भरा पर लगे है सैकड़ों होर्डिंग्स 

मुंबई-पुणे की तुलना में रायपुर में ज्यादा जन-हानि होगी

मुंबई-पुणे की बनिस्बत रायपुर की सडक़ें सकरी है, यदि हादसा हुआ तो वहां से ज्यादा लोग आएंगे चपेट में और जिस प्रकार से चौक चौराहों के नजदीक व जर्जर भवनों के छतों में नियम के विरूद्ध बड़े-बड़े साइज में लगे होर्डिंग्स नियम विरूद्ध लगे है। जिसके गिरने से स्वाभाविक है यहां मुंबंई और पुणे की तुलना में ज्याद जान-माल की हानि होगी। लेकिन एड एजेंसी और निगम अधिकारी चंद पैसों की लालच में लोगों की जान माल से खिलवाड़ कर रहे है। जिस तरीके से अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चला रहा है उसी तरीके से इन अवैध और बड़े साइज के होर्डिंग्स पर बुलडोजर चलना चाहिए। 

रायपुर। मार्केटिंग के नाम पर एड एजेंसियों ने मौत की दुकान खोल ली है। दो-दो सौ क्लिंटल के यूनीपोल में लगे होर्डिंग्स मुंबई-पुणे के बाद अब राजधानी रायपुर में कहर बरपाने वाली है। राजधानी में 400 ऐसे चौक चौराहे है जहां अमानक होर्डिंग्स किसी बड़े हादसे को अंजाम दे सकते है, जिसे कोई इंकार नहीं कर सकता। क्योंकि यहां पर लगे सारे होर्डिंग्स बिना मापदंड और बिना अनुमति के लगे है। होर्डिंग्स की कोई इंफ्रास्ट्रक्चर गुणवत्ता का मापदंड नहीं होने से कभी भी ढहने की कगार में खड़े है जो राजधानी में मौत के दूत बनकर मंडरा रहे है। निगम कमिश्नर ने जो अलर्ट जारी किया है लेकिन पिछले 4 दिनों में एड एजेंसियों के सेहत में कोई फर्क नहीं पड़ा है। किसी ने भी चैक चौराहों में लगे होर्डिंग्स की गुणवचत्ता की जांच नही की है। न ही कोई शपथ पत्र निगम तक पहुंचा है कि हमारे लगाए गए होर्डिंग्स नहीं गिरेंगे।

मुबंई के बाद अब पुणे में होर्डिंग गिरने से हादसा हो गया. बारिश के दौरान पिंपरी-चिंचवड़ शहर के मोशी में सडक़ किनारे लगा लोहे का होर्डिंग गिर गया. हालांकि गनीमत ये रही कि कोई भी जान माल का नुकसान नहीं हुआ. दोपहर करीब साढ़े चार बजे शहर के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई. तेज हवा के कारण जय गणेश एम्पायर चौक पर सडक़ किनारे लगा लोहे का बड़ा होर्डिंग गिर गया. बताया जाता है कि चार बाइक व एक टेंपो क्षतिग्रस्त हो गये. गनीमत यह रही कि यह होर्डिंग सडक़ पर नहीं गिरा।

घााटकोपर होर्डिंग हादसे में रेस्क्यू ऑपरेशन आखिरकार पूरा हो गया है। इस हादसे में कुल 16 लोगों की मौत हो गई है। यह जानकारी मुंबई नगर निगम आयुक्त भूषण गगरानी ने गुरुवार सुबह पत्रकारों को दी है। गगरानी ने बताया कि घाटकोपर होर्डिंग हादसे के बाद से ही पिछले तीन दिनों से एनडीआरएफ के जवान सेंसर और डॉग टीम की मदद से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही थी कि होर्डिंग्स के मलबे के नीचे कोई फंसा तो नहीं है। इस हादसे में दुर्भाग्यवश 16 लोगों की मौत हो गई है। ये रेस्क्यू ऑपरेशन अब पूरा हो गया है। इस अभियान में 60 घंटे में लगे। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में मुंबई नगर निगम, मुंबई पुलिस, एमएमआरडीए, एनडीआरएफ, महानगर गैस ने समन्वय बनाकर रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा किया है। दुर्घटना स्थल पर पूरी जांच की गई है, इसमें कोई अन्य व्यक्ति मलबे के नीचे दबा नहीं है। हालांकि मौके पर अब भी होर्डिंग का मलबा हटाने का काम चल रहा है। इस हादसे में मरने वालों के परिजनों को तत्काल सहायता उपलब्ध करायी जायेगी।

भूषण गगरानी ने बताया कि मुंबई में अनधिकृत होर्डिंग्स के मामले में कार्रवाई की जा रही है। होर्डिंग्स के लिए निर्धारित मानकों का पालन किया जाए। इनका फाउंडेशन, वेंटिलेशन सभी मानक तय हैं। उनका अवलोकन किया जाना चाहिए। रेलवे को भी इन मानकों का पालन करना अनिवार्य है। होर्डिंग लगाते समय अनुमति लेनी होगी। मुंबई नगर निगम आयुक्त भूषण गगरानी ने भी कहा है कि सभी नियमों का पालन किया जाना चाहिए। सभी होर्डिंग्स की संरचनात्मक स्थिरता अनिवार्य है। ढांचागत स्थिरता के बाद उन्हें नगर निगम में प्रमाणपत्र जमा करना होगा। इस हादसे में मुंबई पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। गगरानी ने बताया कि मुंबई में सभी लाइसेंस प्राप्त होर्डिंग्स का निरीक्षण भी चल रहा है। उल्लेखनीय है कि सोमवार को करीब सवा चार बजे घाटकोपर में इस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे के पास पेट्रोल पंप के पास लगा विशालकाय होर्डिंग तूफानी हवा के साथ आई बेमौसम बारिश में गिर गया था। इसके बाद फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ की टीमों ने मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया था। राहत और बचाव कार्य कर रही टीमों ने बीएमसी को बताया कि अब होर्डिं के मलबे के नीचे कोई दबा नहीं है। अभी मलबा हटाने का काम जारी है।

Tags:    

Similar News