राजपुर में प्लेसमेंट कर्मचारी से लूट, तीन नकाबपोश बदमाशों ने की मारपीट
छग
Rajpur. राजपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है। नगर पंचायत राजपुर के प्लेसमेंट कर्मचारी को तीन नकाबपोश बदमाशों ने सागौन जंगल में रोककर बंधक बना लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। बदमाश कर्मचारी की मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद राजपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ड्यूटी जाते समय जंगल में बनाया शिकार
मिली जानकारी के अनुसार सेमरा निवासी शंकर नाथ नगर पंचायत राजपुर में प्लेसमेंट कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं। सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे वह रोज की तरह अपने घर से मोटरसाइकिल से ड्यूटी के लिए राजपुर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि शंकर नाथ सेमरा के सागौन जंगल वाले रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान जंगल में पहले से घात लगाकर बैठे तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने कर्मचारी को जबरन सड़क से करीब 20 से 30 मीटर अंदर जंगल की ओर ले गए। इसके बाद उनके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और डंडों व मुक्कों से जमकर मारपीट की।
नकदी, मोबाइल और बाइक लेकर फरार हुए आरोपी
मारपीट करने के बाद बदमाशों ने शंकर नाथ के पास रखे पैसे, मोबाइल फोन और उनकी मोटरसाइकिल लूट ली। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। लूट के दौरान बदमाशों ने कर्मचारी को जंगल में ही बंधा छोड़ दिया। घायल अवस्था में करीब एक घंटे तक वह मदद का इंतजार करते रहे। इसके बाद उन्होंने किसी तरह हिम्मत जुटाई और घिसटते हुए पगडंडी तक पहुंचे।
ग्रामीणों ने पहुंचाया घर
इसी दौरान जंगल क्षेत्र में पुटु (जंगली मशरूम) बीनने गए कुछ ग्रामीणों की नजर घायल शंकर नाथ पर पड़ी। ग्रामीणों ने उनकी हालत देखकर मदद की और उन्हें सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर पंचायत के अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायल शंकर नाथ को लेकर राजपुर थाना गए। वहां उन्होंने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायत मिलने के बाद राजपुर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संभावित रास्तों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, इस घटना के बाद जंगल मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
इलाके में दहशत का माहौल
दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जंगल क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।