Korba. कोरबा। जिले के केंदई रेंज अंतर्गत चोटिया में नेशनल हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक लोनर हाथी अचानक सड़क पर पहुंच गया। हाथी को देखकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाने लगे, जबकि कुछ लोग सेल्फी लेने के लिए हाथी के बेहद करीब पहुंच गए। इसी दौरान लोगों की गतिविधियों से हाथी अचानक आक्रामक हो गया और भीड़ की ओर दौड़ पड़ा। हाथी को अपनी तरफ आता देखकर वीडियो और फोटो बना रहे लोग जान बचाकर भागने लगे। कुछ ही सेकंड में हाईवे पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
बताया जा रहा है कि चोटिया मुख्य मार्ग के आसपास बांसबाड़ी का इलाका है। यहां भोजन की तलाश में हाथियों का आना-जाना लगा रहता है। इस वजह से स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए सड़क के आसपास हाथियों की मौजूदगी कोई नई बात नहीं है। इसके बावजूद हाथी को देखने के बाद लोगों का उसके बेहद करीब पहुंचना बड़ा खतरा बन सकता है। प्रत्यक्ष घटनाक्रम के मुताबिक, हाथी जैसे ही सड़क के पास आया, राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन निकालकर वीडियो बनाना शुरू कर दिया। कुछ लोग सेल्फी लेने के चक्कर में हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के बजाय उसके नजदीक चले गए। भीड़ और लोगों की गतिविधियों के बीच हाथी अचानक आक्रामक हुआ और उनकी तरफ दौड़ पड़ा।
हाथी को तेजी से अपनी ओर बढ़ता देखकर मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोग मोबाइल लेकर सड़क पर इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कुछ समय के लिए हाईवे पर भगदड़ जैसी स्थिति दिखाई दी। गनीमत रही कि हाथी ने किसी व्यक्ति को अपनी चपेट में नहीं लिया। केंदई रेंज के रेंजर अभिषेक दुबे के मुताबिक, क्षेत्र में करीब 32 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। इनमें से एक हाथी झुंड से अलग होकर घूम रहा है। वन विभाग ने इस हाथी से विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार झुंड से अलग घूम रहे हाथी के व्यवहार को देखते हुए लोगों को उसके नजदीक जाने से बचना चाहिए।
हाथी के नेशनल हाईवे पर आने की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सायरन और अन्य आवश्यक सावधानियों के साथ हाथी को सड़क से हटाने का प्रयास किया। कुछ समय बाद हाथी को हाईवे से जंगल की ओर रवाना कर दिया गया। इस दौरान मौके पर जमा लोगों को भी हाथी से दूर किया गया। वन विभाग की ओर से हाथी प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी और पेट्रोलिंग की जा रही है। राहगीरों को सतर्क करने के लिए सड़क किनारे चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद कई बार लोग हाथियों को देखकर वीडियो और सेल्फी लेने के लिए उनके करीब पहुंच जाते हैं, जिससे गंभीर हादसे का खतरा पैदा हो सकता है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर उससे पर्याप्त सुरक्षित दूरी बनाए रखें। वीडियो या सेल्फी बनाने के लिए उसके पास न जाएं और न ही शोर मचाकर उसे उकसाने की कोशिश करें। हाथी के रास्ते में बाधा डालने के बजाय उसे सुरक्षित रूप से निकलने के लिए जगह दें और जरूरत पड़ने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें।