किसानों को मूंगफली बीज वितरित

Update: 2026-06-28 07:27 GMT

गौरेला पेंड्रा मरवाही। पेंड्रा विकासखंड के ग्राम कोटमीकला में भारत सरकार की राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन (एनएमईओ) योजना के अंतर्गत किसानों को मूंगफली के उन्नत बीजों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य तिलहनी फसलों के उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि कर किसानों की आय में बढ़ोतरी करना है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी अमित कुमार तंवर, कृषि विकास अधिकारी मधुसूदन, क्षेत्रीय ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी तथा ग्राम पंचायत कोटमीकला के सरपंच भंवर सिंह अर्मो उपस्थित रहे। इस अवसर पर योजना के अंतर्गत 10 हेक्टेयर प्रदर्शन रकबे के लिए चयनित 25 किसानों को मूंगफली के उन्नत बीज वितरित किए गए। कृषि अधिकारियों ने किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, बीज उपचार, संतुलित उर्वरक प्रबंधन एवं फसल की वैज्ञानिक देखभाल संबंधी आवश्यक जानकारी भी प्रदान की। कृषि विभाग ने किसानों से शासन की कृषि हितैषी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर तिलहनी फसलों का उत्पादन बढ़ाने का आग्रह किया।

गौरेला पेंड्रा मरवाही : राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ

जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ आज जिला चिकित्सालय में कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन द्वारा बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को साकार किया जा सके। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. के.के. सोनी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 53 हजार 490 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के प्रथम दिवस 28 जून को जिले के सभी निर्धारित पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाई गई। उन्होंने बताया कि अभियान के द्वितीय एवं तृतीय चरण में 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, जो किसी कारणवश पोलियो बूथ तक नहीं पहुँच सके हैं। इसके लिए जिले में व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य दलों की तैनाती की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं तथा घर-घर पहुँचने वाली स्वास्थ्य टीमों का सहयोग करें। विभाग ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को समय-समय पर पोलियो की खुराक पिलाना ही इस गंभीर बीमारी से स्थायी सुरक्षा का सबसे प्रभावी उपाय है।

Tags:    

Similar News