Balrampur. बलरामपुर। कलेक्टर के आदेश की अनदेखी करना एक पटवारी को भारी पड़ गया। आदेशों का पालन न करने और नई पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण न करने पर जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए संबंधित पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर तहसील क्षेत्र में पदस्थ पटवारी पप्पू सोनी का लगभग एक माह पहले सामरी क्षेत्र में स्थानांतरण किया गया था। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि वे निर्धारित समय में नई जगह जॉइनिंग करें, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपने नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण नहीं किया। इस दौरान वे लगातार अनुपस्थित भी रहे, जिससे प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे।
कलेक्टर ने बताया कि अधिकारी द्वारा बार-बार चेतावनी देने और निर्देश जारी करने के बावजूद पप्पू सोनी ने कार्य में लापरवाही बरती। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। कलेक्टर ने कहा कि राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए ऐसे लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। बताया गया कि पप्पू सोनी पहले राजपुर तहसील क्षेत्र में लंबे समय से पदस्थ थे और राजस्व निरीक्षक के रूप में कार्यरत थे। उनके कार्यकाल के दौरान कुछ शिकायतें भी प्रशासन को प्राप्त हुई थीं, जिसके बाद उनका तबादला सामरी तहसील में किया गया था। लेकिन उन्होंने नई जगह पर पदभार ग्रहण नहीं किया और बिना अनुमति अनुपस्थित रहे। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा है कि सरकारी सेवाओं में अनुशासन सर्वोपरि है, और कोई भी अधिकारी या कर्मचारी यदि आदेशों की अवहेलना करता है, तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। निलंबन के बाद पटवारी पप्पू सोनी के खिलाफ आगे विभागीय जांच की भी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।