Dhamtari. धमतरी। वनांचल क्षेत्रों में बारिश के दौरान बुनियादी सुविधाओं की कमी किस तरह ग्रामीणों के लिए मुश्किल खड़ी कर देती है, इसकी एक तस्वीर नगर पंचायत लटियारा के चर्रा कच्छारपारा से सामने आई है। यहां एक बीमार व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को उसे खाट पर बैठाकर उफनता नाला पार कराना पड़ा। लगातार बारिश के कारण डुमर नाला ओवरफ्लो था और उस पर पुल नहीं होने के कारण ग्रामीणों के सामने मरीज को दूसरी तरफ पहुंचाने का कोई सुरक्षित रास्ता नहीं था।
जानकारी के मुताबिक चर्रा कच्छारपारा निवासी गोपेश पटेल की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उनकी स्थिति को देखते हुए तत्काल अस्पताल पहुंचाना जरूरी था। इसी बीच लगातार बारिश के कारण चर्रा का डुमर नाला उफान पर था। पानी का बहाव अधिक होने से सामान्य तरीके से नाला पार करना जोखिम भरा था। मजबूरी में ग्रामीणों ने गोपेश पटेल को खाट पर बैठाया। इसके बाद चार लोगों ने खाट को उठाकर बहते पानी के बीच नाला पार किया और मरीज को दूसरी ओर पहुंचाया। इस दौरान थोड़ी सी चूक भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती थी।
हर बारिश में सामने आती है यही परेशानी
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। बारिश शुरू होते ही नाले का जलस्तर बढ़ जाता है और आसपास के लोगों का आवागमन प्रभावित होने लगता है। नाले पर पुल नहीं होने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी मरीजों और स्कूली बच्चों को होती है। ग्रामीणों का कहना है कि आपात स्थिति में मरीज को अस्पताल पहुंचाना बड़ी चुनौती बन जाता है। लोगों ने प्रशासन से नाले पर जल्द पुल निर्माण कराने की मांग की है, ताकि हर साल बारिश के दौरान उन्हें जान जोखिम में डालकर नाला पार न करना पड़े।
कलेक्टर ने की सतर्क रहने की अपील
जिला कलेक्टर ने बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने को देखते हुए लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नदी-नाले उफान पर होने की स्थिति में लोगों को ऐसे स्थानों पर जाने और पानी के तेज बहाव को पार करने से बचना चाहिए। प्रशासन के मुताबिक जिन क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है, वहां पहले ही राशन पहुंचाने की व्यवस्था की गई है, ताकि रास्ते बाधित होने पर ग्रामीणों को जरूरी सामग्री के लिए जोखिम न उठाना पड़े।
माडमसिल्ली डैम के गेट खुलने से बढ़ा जलस्तर
इधर माडमसिल्ली डैम के गेट खुलने के बाद नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। कई स्थानों पर पुल के ऊपर से तेज बहाव के साथ पानी गुजरने की तस्वीरें सामने आई हैं। इसके बावजूद कुछ लोग जान जोखिम में डालकर ऐसे पुलों को पार करते नजर आ रहे हैं। तीजा पर्व के दौरान घर जाने के लिए महिलाओं द्वारा भी जोखिम उठाकर पुल पार करने की जानकारी सामने आई है। वायरल वीडियो में तेज बहाव के बीच बस और ट्रैक्टर जैसे भारी वाहनों को भी पुल पार करते देखा जा रहा है। ऐसी स्थिति किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। लगातार बारिश और बढ़े जलस्तर के बीच प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और उफनते नदी-नालों को पार नहीं करने की अपील की है। वहीं चर्रा कच्छारपारा के ग्रामीणों ने स्थायी समाधान के रूप में डुमर नाले पर जल्द पुल निर्माण की मांग दोहराई है।