रायपुर। भोपाल से रायपुर आ रही एक यात्री फ्लाइट की लैंडिंग अंतिम समय में टल गई। विमान ने रनवे को छूने (टचडाउन) के बाद अचानक दोबारा उड़ान भर ली, जिससे यात्रियों में कुछ देर के लिए हलचल की स्थिति बन गई।
विमान में बैठे यात्रियों के अनुसार, विमान रायपुर एयरपोर्ट के रनवे पर उतरने ही वाला था और उसने रनवे को छू भी लिया था, लेकिन किसी तकनीकी या परिचालन कारण से पायलट ने तुरंत गो-अराउंड प्रक्रिया अपनाते हुए विमान को फिर से हवा में उठा लिया। इसके बाद विमान कुछ समय तक शहर के ऊपर चक्कर लगाता रहा। हालांकि बाद में विमान को सुरक्षित लैंड करा लिया गया।
अचानक दोबारा उड़ान भरने की घटना से विमान में सवार यात्रियों के बीच कुछ समय के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई। जैसे ही विमान ने रनवे को छूने के बाद फिर से तेजी से ऊंचाई पकड़नी शुरू की, कई यात्रियों को समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है? विमान के केबिन में कुछ देर तक सन्नाटा और बेचैनी का माहौल बना रहा। बताया जा रहा है कि बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों में डर अधिक देखा गया। हालांकि बाद सबकुठ सामान्य हो गया।