Raipur. रायपुर। नवा रायपुर क्षेत्र में एक बार फिर विस्थापन और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर तनाव की स्थिति बन गई है। नकटी गांव विवाद अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि अब तूता गांव में बुलडोजर कार्रवाई की आशंका से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, नवा रायपुर विकास प्राधिकरण (NRDA) की ओर से तूता गांव के काबिज लोगों को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में ग्रामीणों से 6 जुलाई तक जवाब देने को कहा गया है। इस कार्रवाई के दायरे में आने वाले अधिकांश लोग प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभान्वित रहवासी बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि तूता गांव की जमीन पर प्रस्तावित फिल्म सिटी परियोजना के तहत निर्माण कार्य होना है। इसी कारण प्रशासन ने इस क्षेत्र में मौजूद कब्जों को लेकर प्रक्रिया शुरू की है। नोटिस मिलने के बाद ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है और कई परिवार रात में जागकर समय बिता रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वे बिना चूल्हा-चौका किए रतजगा कर रहे हैं, जबकि महिलाओं और बच्चों की स्थिति बेहद खराब है। लोग संभावित कार्रवाई को लेकर भय में हैं और घरों में असमंजस का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले छह महीनों में तूता गांव में पेड़ों की कटाई को लेकर दो बार विरोध प्रदर्शन हो चुका है। पहले होली से पहले और फिर मई महीने में बड़े स्तर पर विरोध हुआ था। इन प्रदर्शनों में राजनीतिक समर्थन भी देखने को मिला था, जिसमें कांग्रेस ने ग्रामीणों का साथ दिया था। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना उचित पुनर्वास और स्पष्ट योजना के उन्हें विस्थापन की स्थिति में लाया जा रहा है। वहीं प्रशासन का कहना है कि विकास परियोजनाओं के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही कार्रवाई की जा रही है। इस पूरे मामले को लेकर एक बार फिर नवा रायपुर क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है और ग्रामीणों की निगरानी व सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी हलचल देखी जा रही है।