अधेड़ का शव मिलने से दहशत, तेंदुए के हमले की आशंका

वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

Update: 2026-05-28 18:15 GMT
Dhamtari. धमतरी। जिले के वनांचल क्षेत्र में एक अधेड़ का शव मिलने से इलाके में दहशत फैल गई है। प्रारंभिक जांच में तेंदुए के हमले की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई है। वन विभाग ने पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। जानकारी के अनुसार, बेलरगांव क्षेत्र के कोड़मुड़ गांव में 55 वर्षीय चैतूराम मंडावी का शव गुरुवार को गाड़िया डोंगरी के किनारे बरामद किया गया। परिजनों के अनुसार चैतूराम मंगलवार को घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की और दो दिन बाद उनका शव जंगल क्षेत्र में मिला।

घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल पर घसीटने के निशान पाए गए हैं, जिससे तेंदुए के हमले की आशंका और मजबूत हुई है। शव मिलने के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग शाम ढलते ही घरों में रहने लगे हैं। धमतरी वन मंडल के डीएफओ श्रीकृष्ण जाधव ने बताया कि मामला बिड़गुड़ी वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आता है और घटना कुछ दिन पुरानी प्रतीत हो रही है। उन्होंने कहा कि मौके से आवश्यक नमूने एकत्र किए गए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

वन विभाग के अनुसार, शुरुआती जांच में मिले संकेतों के आधार पर तेंदुए के हमले की संभावना अधिक है। विभाग ने यह भी बताया कि क्षेत्र में तेंदुओं की मौजूदगी पहले से रही है और गर्मी के समय में वन्यजीव भोजन व पानी की तलाश में गांवों के करीब आ जाते हैं। इस घटना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि छोटे बच्चों को अकेले बाहर न भेजें और रात में घर के बाहर न सोएं। साथ ही किसी भी संदिग्ध वन्यजीव की गतिविधि की तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में इस क्षेत्र में वन्यजीवों के हमलों की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे ग्रामीणों में लगातार भय बना हुआ है।
Tags:    

Similar News