पंडरी पुलिस की कार्रवाई, धारदार चाकू के साथ दो बदमाश गिरफ्तार

छग

Update: 2026-02-26 13:50 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पंडरी पुलिस ने धारदार चाकू के साथ घूम रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रायपुर कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन अंतर्गत की गई, जहां पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कदम उठाते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बटनदार धारदार चाकू सहित दो हथियार जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर द्वारा जोन के सभी पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अवैध रूप से हथियार लेकर घूमने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए। इसी क्रम में थाना पंडरी पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और सूचना तंत्र को सक्रिय किया गया है। दिनांक 26 फरवरी 2026 को थाना पंडरी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्रांतर्गत माल धक्का रोड कांपा बस्ती रायपुर तथा अरोरा धर्मकांटा कांपा रायपुर के पास दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में बैठे हुए हैं और उनके पास किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु है। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस ने तत्काल दो अलग-अलग टीमों का गठन कर दोनों स्थानों पर रवाना किया।
मौके पर पहुंचकर पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्ध व्यक्तियों को रोका और नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक आरोपी के कमर में तथा दूसरे आरोपी के पहने हुए पैंट की जेब में धारदार चाकू बरामद किया गया। जब्त हथियारों में एक लोहे का बटनदार धारदार चाकू और एक अन्य लोहे का चाकू शामिल है। पुलिस ने दोनों हथियारों को साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों व्यक्तियों ने अपनी पहचान नीलकंठ साहू और राजेश साहू के रूप में बताई। दोनों ने अपना निवास सुंदरी पारा मोवा, थाना पंडरी, जिला रायपुर बताया। जब पुलिस ने आरोपियों से चाकू रखने के संबंध में वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा, तो वे कोई भी अधिकृत कागजात पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
थाना पंडरी में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 47/2026 एवं 48/2026 के तहत धारा 25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में नीलकंठ साहू (उम्र 36 वर्ष) एवं राजेश साहू (उम्र 35 वर्ष), दोनों पिता श्रीराम साहू, निवासी सुंदरी पारा मोवा शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि राजधानी में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा। सार्वजनिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Tags:    

Similar News