पंडरिया विधानसभा को मिला 'सदस्य भूषण सम्मान', मुख्यमंत्री निवास में हुआ सम्मान समारोह
छग
Nava Raipur. नवा रायपुर। राजधानी के अटल नगर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आज भारतीय जनता पार्टी की ओर से उत्कृष्ट सदस्यता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें पंडरिया विधानसभा को "सदस्य भूषण सम्मान" से नवाजा गया। यह सम्मान भाजपा के सदस्यता अभियान के अंतर्गत 21,118 से अधिक नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ने के अभूतपूर्व कार्य के लिए प्रदान किया गया। इस गरिमामय समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने संयुक्त रूप से सम्मान पत्र एवं प्रतीक चिह्न प्रदान किया। समारोह में पंडरिया विधानसभा की प्रतिनिधि ने मंच से सभी कार्यकर्ताओं और आम जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि "यह सम्मान मेरा नहीं, पंडरिया विधानसभा के प्रत्येक कार्यकर्ता, पदाधिकारी और आम नागरिक का सम्मान है।"
उन्होंने कहा कि यह सदस्यता अभियान केवल संख्या बढ़ाने का प्रयास नहीं था, बल्कि राष्ट्रवाद, एकात्म मानववाद और सुशासन के मूल मंत्र को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान था। पंडरिया विधानसभा के कार्यकर्ताओं ने निष्ठा और समर्पण के साथ घर-घर पहुंचकर भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा से लोगों को अवगत कराया और उन्हें संगठन से जोड़ा। प्रतिनिधि ने कहा कि यह उपलब्धि केवल संगठन की मेहनत का परिणाम नहीं है, बल्कि पंडरिया क्षेत्र की जनता के भाजपा के प्रति विश्वास और समर्थन का प्रमाण है। उन्होंने सभी भाजपा पदाधिकारियों, युवा साथियों, महिला मोर्चा, बूथ कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि "छत्तीसगढ़ में भाजपा की जड़ें और मजबूत हो रही हैं, यह इस बात का प्रमाण है कि जनता सुशासन और स्थिर नेतृत्व को महत्व देती है।" उन्होंने पंडरिया की टीम को बधाई देते हुए कहा कि अन्य विधानसभा क्षेत्रों को भी इससे प्रेरणा लेनी चाहिए।