Raipur. रायपुर। सुशासन दिवस के पावन अवसर पर रायपुर नगर निगम परिसर में अटल शताब्दी वर्ष के तहत एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के समग्र और संतुलित विकास को गति देने के उद्देश्य से जनहित में ₹187 करोड़ से अधिक की लागत से पूर्ण होने वाले 23 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इन परियोजनाओं से राजधानी रायपुर में आधारभूत संरचनाओं को मजबूती मिलेगी और नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम स्वनिधि योजना की महिला हितग्राहियों को प्रमाण पत्र एवं सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। इस अवसर पर महिलाओं ने शासन की योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन योजनाओं से उन्हें आर्थिक संबल और आत्मनिर्भरता की दिशा में नई पहचान मिली है। आवास और स्वरोजगार से जुड़ी इन योजनाओं ने महिलाओं के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाई है। अटल शताब्दी वर्ष कार्यक्रम के अंतर्गत श्रद्धेय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन, विचारों और छत्तीसगढ़ से उनके विशेष जुड़ाव पर आधारित कॉफी टेबल बुक “अटल पथ पर छत्तीसगढ़” का विमोचन भी किया गया।
इस पुस्तक में अटल जी के सुशासन, राष्ट्रनिर्माण और जनकल्याण से जुड़े विचारों को समाहित किया गया है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। कार्यक्रम में अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों को आत्मसात करने और उनके बताए मार्ग पर चलकर सुशासन को मजबूत करने का संकल्प भी लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि अटल जी का जीवन सादगी, संवेदनशीलता और दूरदर्शी नेतृत्व का प्रतीक रहा है, जिससे आज भी देश और प्रदेश को दिशा मिल रही है। सुशासन दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम विकास, सेवा और जनकल्याण के प्रति शासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, महिला हितग्राही एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।