ऑपरेशन शंखनाद: पुलिस ने 14 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से छुड़ाया, एक आरोपी गिरफ्तार
छग
Jahpur जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 गौवंशों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी तस्कर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामला थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र के ग्राम खरसोता का है। पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 1 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग बोरोकोना जंगल के रास्ते से होते हुए बड़ी संख्या में गौवंशों को पैदल हांककर झारखंड की ओर ले जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी और तत्काल ग्राम खरसोता की ओर रवाना हुई। पुलिस टीम ने पुलिया के पास देखा कि कुछ संदिग्ध लोग गौवंशों को तेजी से जंगल की ओर ले जा रहे थे। पुलिस को देखते ही तस्कर गौवंशों को छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रेम सुधार राम (28 वर्ष), निवासी ग्राम डड़गांव, चौकी मनोरा, जिला जशपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने गौवंशों को ले जाने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने मौके से 14 नग गौवंशों को सुरक्षित बरामद किया। सभी गौवंशों का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया। पुलिस ने फरार आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश की जा रही है।
इस मामले में थाना सिटी कोतवाली जशपुर में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी प्रेम सुधार राम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि कोतवाली पुलिस ने तस्करों के चंगुल से 14 गौवंशों को सुरक्षित बचाया है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।