ऑपरेशन मुस्कान: नाबालिग अपहृता अहमदाबाद से सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-04-16 16:55 GMT
Khairagarh. खैरागढ़। केसीजी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत एक नाबालिग अपहृता को गुजरात के अहमदाबाद से सकुशल बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने अपहरण के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई खैरागढ़ थाना क्षेत्र की बड़ी उपलब्धियों में शामिल की जा रही है। जानकारी के अनुसार, 27 मार्च 2026 को प्रार्थी ने थाना खैरागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री, जो अपनी नानी के गांव थाना खैरागढ़ क्षेत्र में आई हुई थी, को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर अपहरण कर लिया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 133/2026 दर्ज कर धारा 137(2) भा.न्या.सं. के तहत मामला पंजीबद्ध किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी और नाबालिग दोनों गुजरात के अहमदाबाद में हो सकते हैं। इस सूचना पर विशेष पुलिस टीम गठित कर तत्काल अहमदाबाद रवाना की गई। पुलिस टीम ने 14 अप्रैल 2026 को अहमदाबाद के ओढव थाना क्षेत्र स्थित आदिनाथ गोकुलनगर सोसायटी में दबिश देकर घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान आरोपी पिंटू बंजारे (18 वर्ष), निवासी डोकराभाठा, थाना खैरागढ़ को हिरासत में लिया गया और उसके कब्जे से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर अपहरण किया और उसके साथ गलत कृत्य भी किया। पुलिस ने आरोपी के बयान और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की।

इसके बाद आरोपी पिंटू बंजारे को 16 अप्रैल 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत लापता और अपहृत बच्चों की खोजबीन और सकुशल बरामदगी के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले की पुलिस टीम अन्य राज्यों में भी सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रही है। केसीजी पुलिस ने कहा कि बच्चों से जुड़े मामलों को अत्यंत गंभीरता से लिया जा रहा है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर पीड़ितों को सुरक्षित वापस लाना प्राथमिकता है। स्थानीय प्रशासन ने इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम की सराहना की है और कहा है कि इस तरह की तत्परता से आम जनता का पुलिस पर भरोसा और मजबूत होता है।
Tags:    

Similar News