ई-ऑफिस के सुचारू क्रियान्वयन हेतु एक दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

छग

Update: 2025-11-04 14:55 GMT
Raigarh. रायगढ़। शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिला कलेक्टोरेट स्थित सभाकक्ष में ई-ऑफिस प्रणाली के सुचारू और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में पारंपरिक कागज़ी कार्यप्रणाली को समाप्त कर प्रशासनिक प्रक्रिया को पूर्णतः डिजिटल और पारदर्शी बनाना है। कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर पूजा बंसल, नोडल अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण सत्र में ई-ऑफिस के संचालन से जुड़ी सभी तकनीकी और व्यावहारिक प्रक्रियाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ई-फाइल निर्माण, फाइल अग्रेषण, इनबॉक्स प्रबंधन, नई ड्राफ्ट फाइल तैयार करने, मसौदे की स्वीकृति एवं प्रेषण, फाइल क्लोजिंग, फाइल या रसीद जोड़ने जैसी कार्यप्रणालियों का लाइव डेमो और प्रजेंटेशन के माध्यम से व्यावहारिक प्रदर्शन कराया गया। इसके अलावा स्पैरो पोर्टल के माध्यम से वार्षिक कार्य निष्पादन प्रतिवेदन, गोपनीय प्रतिवेदन तथा अचल संपत्ति विवरण भरने की प्रक्रिया भी विस्तारपूर्वक समझाई गई। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर पूजा बंसल ने कहा कि शासन की प्राथमिकता सभी विभागों में कार्य संस्कृति को डिजिटल स्वरूप में बदलने की है। उन्होंने बताया कि ई-ऑफिस प्रणाली से न केवल पेपरलेस वर्क को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि निर्णय लेने की प्रक्रिया भी अधिक त्वरित, सटीक और पारदर्शी होगी। बंसल ने अधिकारियों-कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे प्रशिक्षण में सिखाई गई प्रक्रियाओं को अपने-अपने विभागों में प्रभावी रूप से लागू करें।

उन्होंने कहा कि अब हर विभाग की फाइलें डिजिटल माध्यम से ही संचालित होंगी, जिससे समय और संसाधनों की बचत के साथ-साथ जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी। प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने ई-ऑफिस प्लेटफॉर्म के विभिन्न फीचर्स के संबंध में प्रश्न पूछे, जिनका समाधान प्रशिक्षकों द्वारा मौके पर ही किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर मास्टर ट्रेनर्स ने बताया कि जिला प्रशासन की यह पहल ई-गवर्नेंस को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आगामी दिनों में ई-ऑफिस प्रणाली को सभी शासकीय विभागों में अनिवार्य रूप से लागू किया जाएगा। इस प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकारियों-कर्मचारियों में डिजिटल प्रशासन के प्रति नई समझ विकसित हुई है। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि रायगढ़ जिला प्रदेश के संपूर्ण डिजिटल प्रशासन की दिशा में एक मॉडल के रूप में उभरे।
Tags:    

Similar News