जनता से रिश्ता की खबर का असर, हमारी खबर सच निकली
रायपुर में आसानी से आ रहा ओसियन ग्रो गांजा
दिल्ली तक जुड़े है इस गांजा नेटवर्क के तार
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिविल लाइन पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि वह दिल्ली से गांजा और “ओसियन ग्रो गांजा” मंगाकर रायपुर में सप्लाई करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ, नकदी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता के संयुक्त मॉनिटरिंग में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कटोरा तालाब क्षेत्र के पास एक व्यक्ति गांजा की बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल टीम को मौके पर भेजकर आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
सूचना के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को चिन्हित कर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रितिक पसरिचा (26 वर्ष), निवासी दिलशाद गार्डन, सीमापुरी थाना क्षेत्र, जिला शाहदरा, दिल्ली ईस्ट बताया। वर्तमान में वह रायपुर के मोवा क्षेत्र स्थित अशोका हाईट्स में रह रहा था। पुलिस ने जब आरोपी के बैग की तलाशी ली तो उसमें अलग-अलग पैकेटों में गांजा और ओसियन ग्रो गांजा बरामद हुआ। बरामद नशीले पदार्थ की कुल मात्रा 2.870 किलोग्राम गांजा और 114 ग्राम ओसियन ग्रो गांजा पाई गई। इसके अलावा पुलिस ने 3000 रुपये नगद, एक एप्पल आईफोन, प्लास्टिक पैकिंग सामग्री और दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू (मोबाइलनुमा) भी जब्त किए।
जप्त किए गए सभी सामान की कुल कीमत लगभग 3,62,600 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर दिल्ली से कुरियर के माध्यम से गांजा रायपुर मंगवाता था और यहां सप्लाई करता था। इस पूरे नेटवर्क की जांच के लिए पुलिस अब कुरियर कंपनी से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह मामला केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक संगठित सप्लाई नेटवर्क हो सकता है। इसी वजह से फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में भी जुटी हुई है।
आरोपी से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिसके आधार पर पुलिस अब दिल्ली और रायपुर के बीच जुड़े नेटवर्क की कड़ी तलाश कर रही है। संभावना है कि इस गिरोह में और भी लोग शामिल हो सकते हैं, जिनकी पहचान की जा रही है। पुलिस ने कहा कि नशे के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस कार्रवाई को रायपुर पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे शहर में अवैध नशे के कारोबार पर एक मजबूत संदेश गया है।