Raipur. रायपुर। आगामी त्योहारों और भीड़भाड़ के सीजन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए नॉर्थ जोन पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। अभियान के दौरान अवैध रूप से धारदार हथियार लेकर घूमने वाले दो आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। इसके अलावा अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से संदिग्ध और असामाजिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के मुताबिक आगामी त्योहारों के दौरान बाजारों, प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए नॉर्थ जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार चेकिंग की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध हथियार लेकर घूमने वाले लोगों की पहचान करने के साथ ऐसे असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करना है, जिनकी गतिविधियों से शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हो सकती है।

खम्हारडीह में दो आरोपियों पर आर्म्स एक्ट
सघन चेकिंग के दौरान थाना खम्हारडीह पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में धारदार हथियार रखने वाले दो आरोपियों को पकड़ा। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास हथियार रखने से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने पहले आरोपी की पहचान हरिशंकर रात्रे के रूप में की है। 22 वर्षीय हरिशंकर हीरापुर स्थित अनुवंशी चौक के पास का रहने वाला बताया गया है। दूसरे आरोपी की पहचान केशव साहू के रूप में हुई है। उसकी उम्र 18 वर्ष 11 माह बताई गई है और वह शक्ति नगर मस्जिद के पास खम्हारडीह का रहने वाला है। दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 358/2026 और 359/2026 दर्ज कर धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई है।

अलग-अलग थाना क्षेत्रों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
नॉर्थ जोन पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न थाना क्षेत्रों में बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है। थाना उरला, खम्हारडीह और खमतराई में एक-एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं थाना गुढ़ियारी क्षेत्र में चार अलग-अलग प्रकरणों में चार व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस की ओर से जारी जानकारी में आर्म्स एक्ट के दो प्रकरणों में दो आरोपियों और सात प्रकरणों में सात व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए कुल नौ लोगों पर वैधानिक कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी गई है।

भीड़भाड़ वाले इलाकों में बढ़ाई जा रही निगरानी
त्योहारी सीजन को देखते हुए पुलिस का फोकस बाजार, सार्वजनिक स्थल और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर है। चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ आवश्यकतानुसार पूछताछ और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। नॉर्थ जोन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से चाकू या अन्य धारदार हथियार लेकर घूमने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इसके साथ ही ऐसे असामाजिक तत्वों पर भी नजर रखी जाएगी, जिनसे क्षेत्र में शांति भंग होने या किसी अप्रिय घटना की आशंका हो। पुलिस का कहना है कि आगामी त्योहारों के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।
Tags: