Raipur. रायपुर। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए रायपुर पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। नॉर्थ जोन पुलिस द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार चेकिंग, पेट्रोलिंग और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना पंडरी, उरला, खम्हारडीह और खमतराई क्षेत्रों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बिक्री और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर शिकंजा कसा है।
अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, थाना उरला क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बेचते पाए जाने पर एक आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी की पहचान मिलन साहू पिता शिव कुमार साहू, उम्र 23 वर्ष, निवासी इंदिरा नगर, शुक्रवारी बाजार, बिरगांव के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 471/2026 दर्ज कर धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। इसके अलावा एक अन्य मामले में भी आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई। इस तरह कुल 2 आरोपियों के खिलाफ अवैध शराब मामले में कार्रवाई की गई।
14 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त और विवाद की आशंका वाले लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है। पुलिस के मुताबिक, थाना उरला में 1, थाना पंडरी में 1, थाना खम्हारडीह में 2 और थाना खमतराई में 2 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 170, 126 और 135(3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त अन्य प्रतिबंधात्मक मामलों को मिलाकर नॉर्थ जोन में कुल 14 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। संबंधित व्यक्तियों को नियमानुसार सक्षम कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
लगातार जारी रहेगा पुलिस अभियान
नॉर्थ जोन पुलिस ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए सभी थाना क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही प्रमुख स्थानों पर चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब बिक्री, असामा जिक गतिविधियों और अपराधों की रोकथाम के लिए वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
Tags: