रात में सक्रिय हुई न्यू राजेंद्र नगर पुलिस, 11 लोगों पर चला कानून का डंडा
छग
Raipur रायपुर। शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से थाना न्यू राजेंद्र नगर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध स्थानों एवं अड्डेबाजों की सघन चेकिंग की और नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना न्यू राजेंद्र नगर क्षेत्र में विशेष निगरानी अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की तथा सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से घूमने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों से पूछताछ की। अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 11 अनावेदकों के विरुद्ध धारा 170/126, 134(3) BNSS के तहत कार्रवाई की। सभी अनावेदकों को आगे की कार्रवाई के लिए विशेष कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर के कार्यालय में पेश करने के लिए रवाना किया गया।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण रखने और आम नागरिकों में सुरक्षा का वातावरण बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर नजर रखी जा रही है और आवश्यकतानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। थाना न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है।