सिलतरा में नए थाना का शुभारंभ, राजेंद्र सिंह कंवर बने प्रथम थाना प्रभारी
छग
Raipur. रायपुर। Raipur जिले में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में नवीन थाना सिलतरा का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इससे क्षेत्रवासियों को अब बेहतर और त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। पूर्व में यह क्षेत्र थाना धरसींवा के अंतर्गत पुलिस सहायता केंद्र सिलतरा के रूप में किराए के भवन में संचालित हो रहा था। अब इसे उन्नत कर पूर्ण थाना का दर्जा दिया गया है। थाना सिलतरा का शुभारंभ रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता सिन्हा श्रीवास्तव द्वारा किया गया। इस अवसर पर पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, उप पुलिस अधीक्षक (माना) लम्बोदर पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस नए थाना के गठन के साथ ही राजेंद्र सिंह कंवर को थाना सिलतरा का प्रथम थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
उनके नेतृत्व में क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की जिम्मेदारी होगी। कार्यक्रम में थाना धरसींवा के प्रभारी राजेंद्र दीवान सहित थाना धरसींवा, थाना सिलतरा और चौकी सिलयारी के समस्त स्टाफ ने भाग लिया। अधिकारियों ने बताया कि थाना बनने से स्थानीय लोगों को अब पुलिस सहायता के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और शिकायतों का निपटारा अधिक तेजी से हो सकेगा। स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि नए थाना बनने से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर होगी तथा अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी। पुलिस प्रशासन के अनुसार यह कदम बढ़ती आबादी और क्षेत्रीय जरूरतों को देखते हुए उठाया गया है, जिससे पुलिसिंग सिस्टम को और प्रभावी बनाया जा सके।